जीवनशैली
4 दिन पहले
7
विचारों
झारखंड की राजधानी रांची के पास इन दिनों एक जगह सोशल मीडिया पर खूब चर्चा में है। इसका नाम है 'गूंगा नाला'। यहां एक पतली नदी बड़े नाले के आकार में घने जंगल के बीचों-बीच बहती है। इस जगह की खूबसूरती ऐसी है कि लोग बाइक उठाकर यहां पहुंच रहे हैं। यह रांची का एक हिडन स्पॉट है, जो देखने में किसी बड़े हिल स्टेशन जैसा लगता है और यहां का पानी बेहद साफ-सुथरा है।
कैसा है यहां का नजारा
इस जगह तक पहुंचने के लिए एक छोटी पहाड़ी पार करनी पड़ती है। रास्ता बेहद पतला है और पहाड़ से नीचे की ओर उतरना पड़ता है। नीचे पहुंचते ही गजब का खूबसूरत दृश्य सामने आता है—बीच में साफ पानी की धारा बहती है और दोनों तरफ एकदम घना जंगल फैला हुआ है। आसपास मैदानी इलाका भी है। पहली ही नजर में यह नजारा कश्मीर के पहलगाम की याद दिला देता है।
पिकनिक मनाने पहुंच रहे लोग
यहां बड़ी संख्या में लोग पिकनिक मनाने आ रहे हैं। लोग अपने साथ छोटा चूल्हा लाते हैं और नदी के बीच बैठकर मैगी और चाय बनाते हुए इस खूबसूरत माहौल का आनंद लेते हैं। यहां की ठंडी और साफ हवा के बीच इतना सन्नाटा रहता है कि एक परिंदे के पर फड़फड़ाने तक की आवाज नहीं आती। अगर आप अपनी रोजमर्रा की दिनचर्या से ऊब चुके हैं, तो एक बार यहां आते ही आपका मूड पूरी तरह तरोताजा हो जाएगा।
मेडिटेशन के लिए भी मुफीद
शांत वातावरण के चलते लोग यहां बैठकर ध्यान भी लगाते हैं। आसपास के गांवों के लोग भी यहां नजर आते हैं, जो आपकी मदद करते हैं। ग्रामीण यहां अपनी गायों को चराने आते हैं, इसलिए डर जैसी कोई बात नहीं है। हालांकि, एक बात का खास ध्यान रखना जरूरी है—शाम 5:00 बजे से पहले यहां से निकल जाना चाहिए, क्योंकि लौटते वक्त पहाड़ी रास्ता पार करना पड़ता है और यहां रोशनी का कोई इंतजाम नहीं है।
रांची से कितनी दूर
यह जगह रांची से महज 30 किलोमीटर दूर है। यहां आप आराम से बाइक, स्कूटी या फोर व्हीलर से पहुंच सकते हैं। खास बात यह है कि यहां पहुंचने के लिए आपको सुपा गांव आना पड़ता है, और इस गांव के अंदर का नजारा इतना खूबसूरत है कि लगता है मानो आप किसी बॉलीवुड फिल्म के सेट पर पहुंच गए हों। यहां आकर आपको यही महसूस होगा कि रांची में ऐसा नजारा पहले क्यों नहीं देखा।
Comments
0 comment