राजस्थान
एक घंटा पहले
2
विचारों
शिक्षकों की जवाबदेही तय करने का ऐलान
राजस्थान के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने सरकारी स्कूलों में पढ़ाई के स्तर को सुधारने के लिए कड़े तेवर दिखाए हैं। मंत्री ने साफ तौर पर कहा है कि यदि सरकारी विद्यालयों में विद्यार्थियों के 80 में से 40 से कम अंक आते हैं, तो उस विषय के शिक्षक की जवाबदेही तय होगी। ऐसी स्थिति में संबंधित शिक्षक से न केवल स्पष्टीकरण मांगा जाएगा, बल्कि उन पर सख्त कार्रवाई भी की जा सकती है।
कार्रवाई में वेतन वृद्धि रुकने और तबादले का प्रावधान
शिक्षा मंत्री ने चेतावनी देते हुए कहा कि विद्यार्थियों के कमजोर प्रदर्शन को गंभीरता से लिया जाएगा। जरूरत पड़ने पर दोषी पाए जाने वाले शिक्षकों का इन्क्रीमेंट रोका जा सकता है। साथ ही, उन्हें उनके मौजूदा स्थान से हटाकर दूरदराज के इलाकों में स्थानांतरित भी किया जा सकता है। मदन दिलावर का मानना है कि केवल कागजों पर 100 प्रतिशत रिजल्ट दिखाना ही काफी नहीं है, बल्कि यह देखना भी जरूरी है कि छात्र वास्तव में कितना सीख रहे हैं।
शिक्षा व्यवस्था में सुधार पर जोर
मंत्री ने स्वीकार किया कि उनके इन सख्त फैसलों के कारण कई शिक्षक नाराज भी हैं। इसके बावजूद उन्होंने जोर देकर कहा कि प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था में गुणवत्ता लाने के लिए कड़े कदम उठाना बेहद आवश्यक है। उन्होंने दावा किया कि इन प्रयासों का परिणाम सकारात्मक रहा है। मंत्री के अनुसार, राजस्थान शिक्षा के क्षेत्र में पहले 14वें स्थान पर था, जो अब सुधरकर चौथे स्थान पर पहुंच गया है। इसके अलावा, सरकारी स्कूलों के छात्र पहली बार मेरिट सूची में भी जगह बनाने में सफल रहे हैं।
Comments
0 comment