बिहार
5 घंटे पहले
3
विचारों
बिहार के गया से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक दुल्हन ने दूल्हे और उसके परिवार को झांसे में लेकर गहने और नकदी पर हाथ साफ कर दिया और फिर मौका मिलते ही गायब हो गई। यह घटना इतनी अनोखी है कि इसे सुनकर हर कोई दंग रह गया है। बेलागंज थाना क्षेत्र में इस दुल्हन ने शादी का प्रलोभन देकर राजस्थान के एक युवक और उसके पूरे परिवार को बुलवाया और फिर लाखों रुपये तथा जेवर लेकर चंपत हो गई।
बताया जा रहा है कि दुल्हन और उसके गिरोह ने हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार शादी की सभी रस्में पूरी कराईं। सिंदूरदान तक हो गया, लेकिन इसके तुरंत बाद दुल्हन अपने परिवार वालों के साथ गहने और कैश लेकर भाग निकली। पीड़ित दूल्हे गणेश साव ने बेलागंज थाने में लिखित शिकायत का आवेदन दिया है। इस अनोखी लूट के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैली हुई है।
राजस्थान से दो गाड़ियों में पहुंचा था दूल्हे का परिवार
दूल्हा गणेश साव अपने परिवार के साथ शादी के लिए राजस्थान से दो गाड़ियों में सवार होकर बेलागंज के दरियापुर गांव पहुंचा था। यहां पहले से ही पूरी योजना तैयार कर ली गई थी और शादी का सारा तामझाम जुटाया गया था। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच गणेश की शादी लक्ष्मी नाम की लड़की से संपन्न कराई गई।
कपड़े बदलने के बहाने पिछले रास्ते से फरार
शादी पूरी होने के बाद जब विदाई की तैयारी चल रही थी, तभी दुल्हन लक्ष्मी ने कहा कि वह कपड़े बदलकर आती है। वह घर के अंदर गई और फिर पीछे के रास्ते से सोने-चांदी के गहने तथा शादी के लिए दिए गए पैसे समेटकर फरार हो गई। काफी देर तक जब वह अंदर से बाहर नहीं लौटी, तो इंतजार कर रहे दूल्हे और उसके परिजनों को शक हुआ। जब वे घर के अंदर पहुंचे तो वहां सन्नाटा पसरा था और लड़की पक्ष के सभी लोग गायब थे।
बिचौलिए के जरिए तय हुई थी शादी
बताया जा रहा है कि यह शादी किसी बिचौलिए के माध्यम से तय हुई थी और लड़के वालों को तो लड़की के पिता का असली नाम तक मालूम नहीं था। बेलागंज थाना पुलिस ने पीड़ित दूल्हे के आवेदन पर जांच शुरू कर दी है और दुल्हन की गिरफ्तारी के लिए जगह-जगह छापेमारी की जा रही है।
आधी रात को हुई शादी, सुबह से पहले हो गई फरार
यह पूरी घटना सोमवार की है। रात 11 बजे शादी शुरू हुई और 2 बजे तक सारी रस्में पूरी कर ली गईं। इसके बाद ही दुल्हन सब कुछ समेटकर फरार हो गई।
Comments
0 comment