ऑटो
एक दिन पहले
16
विचारों
अगर आप टाटा की कोई कार खरीदने की सोच रहे हैं तो आपके लिए जरूरी खबर है। टाटा मोटर्स की सभी पैसेंजर कारें 1 जुलाई से महंगी हो जाएंगी। कंपनी की पैसेंजर व्हीकल्स इकाई (TMPV) ने शुक्रवार को अपनी गाड़ियों की कीमतों में 1.5 प्रतिशत की बढ़ोतरी का ऐलान किया। यह इजाफा इंटरनल कंबशन इंजन (ICE) वाली कारों के साथ-साथ इलेक्ट्रिक व्हीकल्स (EV) दोनों पर लागू होगा। कंपनी ने शुक्रवार को एक एक्सचेंज फाइलिंग के जरिए इसकी जानकारी साझा की।
कीमत बढ़ाने के पीछे क्या वजह बताई कंपनी ने
टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स ने शेयर बाजार के एक्सचेंजों को दी गई जानकारी में कहा कि बढ़ती इनपुट लागत और लगातार बनी हुई महंगाई के असर को कुछ हद तक संभालने के लिए यह कदम उठाया गया है। कंपनी ने एक्सचेंज फाइलिंग में बताया, "हालांकि, टाटा मोटर्स इन बढ़ी हुई लागतों का एक बड़ा हिस्सा खुद उठा रही है, लेकिन इस बदलाव के जरिए कुछ असर ग्राहकों पर भी डाला जा रहा है।"
इसी साल 1 अप्रैल को भी बढ़े थे दाम
कंपनी के मुताबिक यह बढ़ोतरी हर मॉडल और वेरिएंट के हिसाब से अलग-अलग रहेगी, ताकि हर गाड़ी की कुल वैल्यू बरकरार रहे। पीटीआई की एक रिपोर्ट के अनुसार, इससे पहले टाटा मोटर्स ने इसी साल 1 अप्रैल को अपनी गाड़ियों के दाम बढ़ाए थे।
मारुति सुजुकी की कारें 30,000 रुपये तक महंगी
टाटा से पहले मारुति सुजुकी भी अपनी गाड़ियों की कीमतों में 30,000 रुपये तक बढ़ोतरी की घोषणा कर चुकी है। कंपनी ने पिछले महीने मई में ही अपनी सभी कारों के दाम 30,000 रुपये तक बढ़ाने का ऐलान किया था। मारुति सुजुकी की ये नई कीमतें 15 जून से बुक होने वाली गाड़ियों पर लागू होंगी।
महंगाई और लागत के दबाव में लिया फैसला
मारुति सुजुकी इंडिया ने पिछले महीने जानकारी दी थी कि महंगाई के दबाव और बढ़ती लागत के चलते वह जून 2026 से अपनी सभी गाड़ियों की कीमतें 30,000 रुपये तक बढ़ाएगी। हालांकि बढ़ोतरी की सटीक राशि हर मॉडल के हिसाब से अलग-अलग होगी।
बीएमडब्ल्यू की गाड़ियां 1 जुलाई से 2 प्रतिशत महंगी
जर्मनी की लग्जरी कार निर्माता कंपनी बीएमडब्ल्यू ग्रुप इंडिया भी 1 जुलाई से अपनी सभी गाड़ियों की कीमतें बढ़ाने जा रही है। इसमें बीएमडब्ल्यू के साथ-साथ मिनी ब्रांड की सभी कारें भी शामिल हैं। कंपनी ने बताया कि 1 जुलाई से उसकी सभी गाड़ियों की कीमतों में 2 प्रतिशत की बढ़ोतरी लागू हो जाएगी।
Comments
0 comment