खेल
एक घंटा पहले
3
विचारों
आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 की ट्रॉफी जीतने के वक्त शायद ही किसी ने सोचा था कि सूर्यकुमार यादव को अगली सीरीज से न सिर्फ कप्तानी की जिम्मेदारी से हटाया जाएगा, बल्कि उन्हें भारतीय टीम से ही बाहर कर दिया जाएगा। बीसीसीआई के इस फैसले ने सभी को हैरान कर दिया। बोर्ड ने श्रेयस अय्यर को इस फॉर्मेट का नया कप्तान नियुक्त किया है, जबकि अय्यर ने पिछले करीब तीन साल से कोई टी20 इंटरनेशनल मुकाबला नहीं खेला है। कप्तान के तौर पर शानदार रिकॉर्ड रखने वाले सूर्यकुमार यादव ने इस फैसले के बाद अपनी पहली प्रतिक्रिया सोशल मीडिया पर दी और अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक स्टोरी पोस्ट की।
नई टीम को आने वाली चुनौतियों के लिए शुभकामनाएं
सूर्यकुमार यादव ने साल 2024 के टी20 वर्ल्ड कप के बाद इस फॉर्मेट में भारतीय टीम की नियमित कप्तानी संभाली थी। उनके नेतृत्व में टीम इंडिया ने एक भी द्विपक्षीय सीरीज नहीं गंवाई। इतना ही नहीं, टीम एशिया कप और टी20 वर्ल्ड कप 2026 की ट्रॉफी अपने नाम करने में भी सफल रही। हालांकि बीते कुछ सालों में सूर्या का बल्ले से प्रदर्शन काफी फीका रहा, जिसके चलते उनकी जगह पर लगातार सवाल उठते रहे। आईपीएल 2026 में भी वह कुछ खास नहीं कर सके। यही वजह है कि उन्हें स्क्वाड से बाहर किए जाने के पीछे खराब फॉर्म को बड़ा कारण माना जा रहा है।
टीम से बाहर होने के बाद सूर्यकुमार यादव ने इंस्टाग्राम पर एक स्टोरी पोस्ट की, जिसमें उन्होंने स्क्वाड की तस्वीर के साथ बेहद छोटा कैप्शन लिखा। उन्होंने कहा कि इस प्रतिभाशाली समूह को आगे आने वाली चुनौतियों के लिए शुभकामनाएं। इस पोस्ट के साथ सूर्या ने इमोजी के रूप में भारतीय झंडा भी लगाया।
श्रेयस अय्यर के लिए आसान नहीं रहेगा सफर
टीम इंडिया के नए टी20 कप्तान श्रेयस अय्यर के सामने चुनौतियां कम नहीं हैं, क्योंकि अब तक उन्होंने इंटरनेशनल फॉर्मेट में एक बार भी कप्तानी की जिम्मेदारी नहीं संभाली है। अय्यर ने आईपीएल में जरूर तीन फ्रेंचाइजियों की कप्तानी की है और उन्हें 100 से अधिक मैचों का अनुभव है। श्रेयस अय्यर अपनी कप्तानी पारी की शुरुआत आयरलैंड दौरे से करेंगे, लेकिन उनकी असली परीक्षा इंग्लैंड दौरे पर एक जुलाई से खेली जाने वाली 5 मैचों की टी20 सीरीज में होगी।
Comments
0 comment