छत्तीसगढ़
एक घंटा पहले
3
विचारों
छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर से चोरी का एक ऐसा अनोखा मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके को चौंका दिया है। यहां चोरों ने आम घरों या दुकानों के बजाय एक राजनीतिक संस्था—कांग्रेस भवन—को अपना निशाना बनाया और वहां से नल की टोटियां चुरा ले गए। इन टोटियों को कौड़ियों के दाम बेचकर मिले पैसों से आरोपियों ने शराब खरीदी। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश कर दिया है।
क्या है पूरा मामला
जानकारी के मुताबिक चोरों ने कांग्रेस के भवन से 70 से ज्यादा नल की टोटियां चुरा लीं। इसके बाद उन्होंने शराब के लिए पैसे जुटाने की खातिर इन पानी की टोंटियों को बेहद कम कीमत में बेच दिया। मामला सामने आने के बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई और पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई। इस सिलसिले में पुलिस ने कई लोगों से पूछताछ की और अंततः आरोपियों को पकड़ने में सफलता हासिल की।
फर्श पर लिख गए 'I LOVE YOU'
हैरानी की बात यह रही कि चोरों ने कांग्रेस दफ्तर से टोटियां निकालने के बाद वॉशरूम के फर्श पर 'I Love You' भी लिख दिया। बताया जा रहा है कि ये टोटियां हेवी क्वॉलिटी की और अच्छी हालत में थीं, मगर शराब पीने की धुन में आरोपियों ने इन्हें कबाड़ी के पास सस्ते दामों में बेच दिया।
पूछताछ में कबूला जुर्म
पुलिस की पूछताछ में पकड़े गए चोरों ने अपना अपराध कबूल कर लिया है। बताया जा रहा है कि इससे पहले भी ये चोर कांग्रेस भवन के बाहर घूमते हुए देखे गए थे। पुलिस ने उस व्यवसायी के खिलाफ भी मामला दर्ज किया है, जिसे आरोपियों ने टोटियां बेची थीं। तीनों पकड़े गए चोरों को कोर्ट में पेश कर दिया गया है और पुलिस ने आगे की कार्रवाई करने की बात कही है।
क्या बोले कांग्रेस नेता
यूथ कांग्रेस के जिला अध्यक्ष विकास केसरी ने बताया कि चौपाटी में उन्होंने कुछ लड़कों से पूछताछ की और फिर उन्हें पकड़कर थाने ले गए, जबकि पुलिस उन तक नहीं पहुंच पाई थी। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि इससे पहले भी चोरी की घटनाएं हो चुकी थीं, लेकिन पुलिस ने उन पर ध्यान नहीं दिया।
शहर में चर्चा का विषय
फिलहाल यह मामला पूरे अंबिकापुर में चर्चा का विषय बना हुआ है। कांग्रेस भवन जैसी राजनीतिक संस्था को निशाना बनाकर की गई इस चोरी और इसके पीछे सामने आई वजह ने लोगों को हैरान कर दिया है। पुलिस का दावा है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ मामले का खुलासा हो चुका है और आगे भी ऐसे मामलों पर सख्ती से कार्रवाई की जाएगी।
Comments
0 comment