मनोरंजन
एक घंटा पहले
3
विचारों
एसएस राजामौली ने भारतीय सिनेमा को कई यादगार फिल्में दी हैं, जिन्होंने वैश्विक स्तर पर देश का मान बढ़ाया है। इन दिनों यह मशहूर फिल्ममेकर अपनी नई फिल्म 'वाराणसी' को लेकर सुर्खियों में हैं, जिसका दर्शकों को बेसब्री से इंतजार है। इस फिल्म में महेश बाबू मुख्य भूमिका में दिखाई देंगे, जबकि उनके साथ प्रियंका चोपड़ा और पृथ्वीराज सुकुमारन भी अहम किरदारों में नजर आएंगे। अब फिल्म से जुड़ा एक नया खुलासा सामने आया है, जिसके मुताबिक इसमें राम और कुंभकर्ण के बीच एक महायुद्ध देखने को मिलेगा। इस बात की पुष्टि खुद निर्देशक के पिता ने की है।
'वाराणसी' में 30 मिनट लंबा युद्ध दृश्य
राजामौली के पिता और जाने-माने लेखक विजयेंद्र प्रसाद ने हाल ही में 'फिल्मी फोकस' द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में 'वाराणसी' पर बात करते हुए उस दृश्य का जिक्र किया, जो करीब 30 मिनट लंबा होगा। उन्होंने दावा किया कि यह सीन दर्शकों को पूरी तरह मंत्रमुग्ध कर देगा। फिल्म में महेश बाबू राम की भूमिका निभा रहे हैं और उनके साथ पृथ्वीराज सुकुमारन भी प्रमुख किरदार में हैं। हालांकि, अब तक यह साफ नहीं हुआ है कि पृथ्वीराज फिल्म में किस भूमिका में नजर आएंगे।
क्या बोले विजयेंद्र प्रसाद?
विजयेंद्र प्रसाद ने जिस 30 मिनट लंबे दृश्य की ओर इशारा किया था, उसी पर उन्होंने विस्तार से चर्चा की। जब उनसे पूछा गया कि यह सीन पौराणिक होगा या राजनीतिक, तो उन्होंने जवाब में कहा, “यह राम और कुंभकर्ण के बीच का युद्ध है, आपने इसे ट्रेलर में देखा होगा, है ना? आपने राम और कुंभकर्ण को देखा। आपने भगवान हनुमान की पूंछ देखी। मैं उसी की बात कर रहा हूं… यह मंत्रमुग्ध कर देने वाला सीन है।” हालांकि कुछ ही पल में उन्हें महसूस हुआ कि इससे अधिक जानकारी देना ठीक नहीं रहेगा, और उन्होंने कहा- 'हमें अब इस बारे में और बात नहीं करनी चाहिए।'
राम की भूमिका में दिखेंगे महेश बाबू
एसएस राजामौली पहले ही इस बात की पुष्टि कर चुके हैं कि 'वाराणसी' में महेश बाबू राम के किरदार में नजर आएंगे, लेकिन पृथ्वीराज सुकुमारन की भूमिका को लेकर अभी रहस्य बना हुआ है। पिछले साल एक कार्यक्रम में इस बारे में बात करते हुए राजामौली ने कहा था- 'पहले ही दिन जब महेश बाबू भगवान राम के रूप में फोटोशूट के लिए आए, तो उन्हें देखकर मेरे रोंगटे खड़े हो गए। मैं असमंजस में था, क्योंकि उनमें कृष्ण जैसा आकर्षण है और चेहरे पर राम जैसी शांति झलकती है। मुझे उन पर पूरा भरोसा है। वह तस्वीर मैंने अपने वॉलपेपर पर भी लगाई थी, लेकिन बाद में हटा दी ताकि उसे कोई और न देख सके।'
कब रिलीज होगी फिल्म?
जब फिल्म का पहला लुक सामने आया था, तब दर्शकों ने अनुमान लगाया था कि यह टाइम ट्रैवल पर आधारित होगी, लेकिन एसएस राजामौली ने स्पष्ट कर दिया कि यह फिल्म रामायण पर आधारित है। विजयेंद्र प्रसाद के इस ताजा अपडेट के बाद दर्शकों का उत्साह चरम पर पहुंच गया है। महेश बाबू और पृथ्वीराज के अलावा फिल्म में प्रियंका चोपड़ा भी मुख्य भूमिका में नजर आएंगी, जिसके जरिए वह लंबे अरसे बाद भारतीय फिल्मों में वापसी कर रही हैं। रिलीज डेट की बात करें तो यह फिल्म 2027 में सिनेमाघरों में दस्तक देगी।
Comments
0 comment