हरियाणा
2 घंटे पहले
2
विचारों
फैसले से विनेश फोगाट को गहरा धक्का
महिला पहलवानों द्वारा लगाए गए यौन शोषण के गंभीर आरोपों में भाजपा के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह के बरी होने के बाद खेल जगत में हड़कंप मच गया है। इस मामले की मुख्य चेहरा रहीं पहलवान विनेश फोगाट ने अदालत के इस फैसले पर दुख और आक्रोश जाहिर किया है। विनेश ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के माध्यम से अपनी बात रखते हुए कहा कि यह निर्णय उनके लिए निराशाजनक है।
तंत्र की भूमिका पर उठाए गंभीर सवाल
विनेश फोगाट ने अपने बयान में स्पष्ट आरोप लगाया है कि इस पूरे मामले में तंत्र और सरकार का पूरा जोर आरोपी को बचाने में लगा रहा। विनेश ने लिखा कि सत्ताधारी पार्टी के एक रसूखदार नेता के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाने के लिए उन्हें और अन्य पहलवानों को बहुत अधिक साहस जुटाना पड़ा था। उन्होंने आगे कहा कि बृजभूषण ने अपनी सत्ता और बाहुबल का दुरुपयोग करते हुए कई लड़कियों को डराया और धमकाया, जिसके कारण कई पीड़िताएं अपने बयान से मुकर गईं और उन्होंने अपने नाम वापस ले लिए। हालांकि, कुछ महिला पहलवान पूरी मजबूती के साथ डटी रहीं और कोर्ट में लंबी कानूनी लड़ाई लड़ी।
अब आगे क्या करेगी पहलवानों की टीम
विनेश फोगाट ने जोर देकर कहा कि अदालत का यह फैसला कि बृजभूषण शरण सिंह यौन हिंसा के आरोपों में दोषी नहीं हैं, बेहद दुखद है। उन्होंने जानकारी दी है कि महिला पहलवानों ने अपने वकीलों को अदालत के इस फैसले को ऊपरी अदालत में चुनौती देने के निर्देश दे दिए हैं। विनेश का मानना है कि पूरा सिस्टम शुरू से ही बृजभूषण को बचाने के लिए काम कर रहा था, लेकिन उन्होंने अभी उम्मीद नहीं छोड़ी है। विनेश ने स्पष्ट किया है कि वे और उनके साथी पहलवान इस लड़ाई को जारी रखेंगे और न्याय के लिए हर संभव कानूनी रास्ता अपनाएंगे। फिलहाल विनेश फोगाट विदेश दौरे पर हैं। वहीं, इस मामले पर पहलवान बजरंग पुनिया भी अपनी प्रतिक्रिया दे चुके हैं। दिल्ली में मौजूद बजरंग पुनिया ने कहा है कि वे इस फैसले के खिलाफ हाईकोर्ट में अपील करेंगे।
Comments
0 comment