हरियाणा
14 घंटे पहले
7
विचारों
नई दुकान की शुरुआत के दिन ही घर में पसरा मातम
हरियाणा के सोनीपत जिले से एक बेहद दुखद और हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। कबीरपुर गांव में रहने वाले एक विवाहित जोड़े ने आत्महत्या कर ली है। जिस दिन उन्होंने अपनी जिंदगी के एक नए सफर यानी नई कन्फेक्शनरी दुकान की शुरुआत की थी, उसी दिन दोनों की मौत की खबर ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। पुलिस को सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची और शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सोनीपत के नागरिक अस्पताल भेज दिया। इस मामले ने पूरे इलाके में शोक की लहर पैदा कर दी है।
प्रेम विवाह का हुआ दुखद अंत
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक युवक ऋतिक मूल रूप से गन्नौर के तेवड़ी गांव का निवासी था, जबकि उसकी पत्नी सिमरन राठधाना गांव की रहने वाली थी। इस दंपती ने आज से ठीक दो साल पहले, यानी 17 मई 2024 को अपने परिवारों की मर्जी के खिलाफ जाकर प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद से ही वे सोनीपत के कबीरपुर इलाके में किराए के मकान में अपने परिवार के साथ हंसी-खुशी रह रहे थे। किसी ने सोचा भी नहीं था कि शादी के महज दो साल बाद ही उनके इस रिश्ते का अंत इतने दर्दनाक तरीके से होगा। फिलहाल, आत्महत्या करने के पीछे के कारणों का अब तक कोई खुलासा नहीं हो पाया है।
सुबह हुई पूजा, शाम को मिली मौत
घटना वाले दिन ऋतिक ने आईटीआई चौक के पास अपनी नई कन्फेक्शनरी दुकान का उद्घाटन किया था। इस मौके पर घर में हवन का आयोजन किया गया था, जिसमें पूरा परिवार शामिल हुआ था। प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों के अनुसार, उस वक्त ऋतिक और सिमरन दोनों ही बहुत खुश नजर आ रहे थे। हवन की रस्म पूरी होने के बाद माता-पिता अपने-अपने काम के लिए घर से निकल गए और घर पर केवल यह दंपती ही मौजूद था।
मामले का खुलासा तब हुआ जब परिजनों ने ऋतिक को फोन किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। लगातार संपर्क न होने पर जब उसका भाई घर पहुंचा, तो वहां का मंजर देखकर वह दंग रह गया। अंदर ऋतिक का शव फंदे से लटका हुआ था, वहीं सिमरन का शव बेड के पास फर्श पर पड़ा मिला। सिमरन के गले में भी फंदा लगा हुआ था। परिजनों के बयान के मुताबिक, सुबह हिमांशु की अपने भाई ऋतिक से दुकान को लेकर सामान्य बातचीत हुई थी।
पुलिस जांच में जुटी, वजह अब भी अनसुलझी
सोनीपत पुलिस के प्रवक्ता रविंद्र कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि कबीरपुर में पति-पत्नी ने फांसी लगाकर आत्महत्या की है। सदर थाना पुलिस ने घटनास्थल की जांच पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस इस पहलू पर भी गौर कर रही है कि क्या दंपती के बीच कोई आपसी तनाव या विवाद था जिसने उन्हें इस खौफनाक कदम की ओर धकेला। पुलिस का कहना है कि परिजनों से प्राप्त शिकायत और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर ही कानूनी कार्रवाई तय की जाएगी।
गौरतलब है कि आत्महत्या का एक ऐसा ही मामला उत्तर प्रदेश के झांसी में भी चर्चा का विषय बना हुआ है। वहां 27 वर्षीय शिवानी का शव उसके कमरे में बिस्तर पर संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था, जिसके बाद से उसका पति यश ठाकुर फरार बताया जा रहा है।
Comments
0 comment