बतौर कप्तान टी20 में कैसा है श्रेयस अय्यर का बल्लेबाजी रिकॉर्ड? संभाल चुके हैं 114 मैचों की कमान खेल एक घंटा पहले 3
श्रेयस अय्यर जल्द ही टीम इंडिया की टी20 कप्तानी की कमान संभालने वाले हैं। आईपीएल और घरेलू क्रिकेट में अब तक 114 टी20 मैचों में कप्तानी कर चुके श्रेयस का बल्ले से रिकॉर्ड बेहद प्रभावशाली रहा है।

टी20 इंटरनेशनल में भारतीय टीम के स्क्वाड में कई अहम फेरबदल होना तय माना जा रहा है और इनमें सबसे बड़ा बदलाव नेतृत्व को लेकर होगा। सूर्यकुमार यादव की जगह अब यह जिम्मेदारी श्रेयस अय्यर के कंधों पर आने वाली है। टी20 इंटरनेशनल में साल 2023 में अपना आखिरी मुकाबला खेलने वाले श्रेयस ने अब तक अंतरराष्ट्रीय स्तर पर किसी भी प्रारूप में टीम इंडिया की कमान नहीं संभाली है, इसलिए उनके प्रदर्शन पर सबकी निगाहें टिकी रहेंगी। सूर्यकुमार यादव को कप्तानी से हटाए जाने की सबसे बड़ी वजह उनका कमजोर बल्लेबाजी प्रदर्शन बताया जा रहा है। दूसरी ओर, श्रेयस अय्यर आईपीएल और घरेलू क्रिकेट के टी20 प्रारूप में कप्तानी कर चुके हैं और इस दौरान उनका बल्ले से रिकॉर्ड शानदार रहा है, जहां उन्होंने तीन हजार से अधिक रन जुटाए हैं।

कप्तानी के दौरान जमकर चला है श्रेयस का बल्ला

भारतीय टीम के संभावित नए टी20 कप्तान श्रेयस अय्यर का बतौर कप्तान टी20 क्रिकेट में बल्ले से प्रदर्शन देखें तो उन्होंने आईपीएल और घरेलू क्रिकेट मिलाकर कुल चार टीमों की अगुवाई की है। आईपीएल में उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स, कोलकाता नाइट राइडर्स और पंजाब किंग्स की कमान संभाली है, जबकि घरेलू क्रिकेट में वह मुंबई की टीम का नेतृत्व कर चुके हैं। अब तक कुल 114 टी20 मैचों में कप्तानी कर चुके श्रेयस ने 111 पारियों में बल्लेबाजी करते हुए 39.72 के औसत से कुल 3575 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 2 शतक और 26 अर्धशतक निकले हैं। बतौर कप्तान टी20 में उनका स्ट्राइक रेट 144.44 का रहा है। इसके साथ ही उन्होंने 296 चौके और 166 छक्के भी जमाए हैं।

कप्तान के तौर पर जीत-हार का यह रहा है आंकड़ा

श्रेयस अय्यर ने टी20 क्रिकेट में अब तक 114 मुकाबलों में कप्तानी की है, जिनमें से अधिकतर मैच आईपीएल के रहे हैं। बतौर कप्तान उनके जीत-हार के रिकॉर्ड पर नजर डालें तो इन 114 मुकाबलों में से उनकी टीम को 68 मैचों में जीत मिली है, जबकि 43 मुकाबलों में उसे हार झेलनी पड़ी है। इसके अलावा तीन मैच रद्द रहे हैं। बतौर कप्तान टी20 क्रिकेट में श्रेयस की अब तक की सबसे बड़ी उपलब्धि साल 2024 के आईपीएल सीजन का खिताब जीतना है, जो उन्होंने कोलकाता नाइट राइडर्स की कप्तानी करते हुए अपने नाम किया था।

चेतन शुक्ला (Chetan Shukla) Print & Broadcast News Agency (PABNA) में 'मुख्य संपादक' हैं। वह पत्रकारिता में 15 वर्ष से ज्यादा का अनुभव रखते हैं। ये मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। इन्हें राजनीति और आम आदमी से जुड़ी खबरें लिखना पसंद है।

आपकी प्रतिक्रिया?


आपको यह भी पसंद आ सकता हैं

Comments

https://pabna.in/assets/images/user-avatar-s.jpg

0 comment

Write the first comment for this!