शिमला से कसोल तक हर पर्यटक स्थल पर ट्रैफिक जाम का कहर, सड़कों पर ही बीत रहे 4-5 घंटे, पुलिस के छूटे पसीने हिमाचल प्रदेश 2 घंटे पहले 2
गर्मी से राहत पाने हिमाचल पहुंच रहे सैलानियों को शिमला, मनाली, कुल्लू, डलहौजी, कसौली और कसोल समेत कई जगहों पर भारी ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ रहा है। हालत यह है कि लोगों के चार से पांच घंटे सड़कों पर ही बर्बाद हो रहे हैं।

मैदानी इलाकों की तपती गर्मी से राहत पाने के लिए इन दिनों बड़ी तादाद में सैलानी हिमाचल प्रदेश का रुख कर रहे हैं। सोमवार को प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश हुई और ओले भी गिरे। टूरिस्ट सीजन के बीच शिमला, मनाली, कुल्लू, डलहौजी, खज्जियार और कसौली समेत कई पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों की भीड़ उमड़ रही है, लेकिन घंटों लंबे जाम ने उनका सफर मुश्किल बना दिया है। हालात ऐसे हैं कि चार से पांच घंटे सड़कों पर ही गुजर जा रहे हैं।

शिमला में 10 किमी लंबा जाम

टूरिस्ट सीजन के बीच प्रदेश की यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। रविवार के बाद सोमवार को भी कई इलाके जाम से बेहाल रहे। शिमला में संजौली से आगे कुफरी की ओर 10 किलोमीटर लंबा जाम देखने को मिला। सोमवार को संजौली से आगे ढली और छराबड़ा तक करीब 10 किलोमीटर तक वाहनों की कतारें लगी रहीं, जिससे लोगों को भारी दिक्कत झेलनी पड़ी। इस दौरान ड्यूटी पर जा रहे लोग, स्कूली बच्चे और यहां तक कि एंबुलेंस भी जाम में फंस गई।

इससे पहले रविवार को सोलन, कुल्लू के कसोल और मंडी के पंडोह से आगे, साथ ही डलहौजी, खज्जियार और कसौली में भी जाम लगा था। तंग सड़कें और गलत ओवरटेकिंग जाम की सबसे बड़ी वजह बताई जा रही है। पुलिस को भी जाम खुलवाने में पसीने छूट रहे हैं।

डलहौजी में तीन घंटे फंसे रहे लोग

मशहूर पर्यटन स्थल खज्जियार जाने वाले डलहौजी-लक्कड़ मंडी मार्ग पर रविवार को ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह बिगड़ गई। जाम ने हजारों पर्यटकों का मजा फीका कर दिया। करीब चार घंटे तक चले इस जाम के कारण पूरे क्षेत्र में यातायात व्यवस्था ठप सी पड़ गई। रविवार होने के चलते डलहौजी और खज्जियार में सुबह से ही पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ी और डलहौजी-लक्कड़मंडी-खज्जियार मार्ग पर वाहनों की संख्या बढ़ते ही रफ्तार थम गई।

कुल्लू जिले में भी बेहाल हालात

कुल्लू जिले के मनाली, मणिकर्ण, कसोल, तीर्थन, बंजार और जीभी में सैलानियों का जमावड़ा लग रहा है और लोगों के कई घंटे सड़कों पर ही बीत रहे हैं। मणिकर्ण और कसोल समेत आसपास के इलाकों में वीकेंड पर पर्यटकों की भारी संख्या से जगह-जगह जाम की स्थिति बनी रही। कई स्थानों पर ट्रैफिक वन-वे होने के कारण भी जाम लग रहा है। मनाली में सुबह और शाम के वक्त जाम की दिक्कत ज्यादा रहती है।

मंडी जिले में पंडोह से आगे औट तक हाईवे पर जाम की समस्या बनी हुई है। पंडोह से आगे की स्थिति का जायजा लेने एसपी विनोद शर्मा खुद मौके पर पहुंचे थे। इस मार्ग से रोजाना 35 हजार से अधिक गाड़ियां गुजरती हैं और गलत ओवरटेकिंग तथा बॉटल नेक के कारण वाहनों की रफ्तार थम जाती है।

सैलानियों ने बयां की परेशानी

दिल्ली से घूमने आईं मुस्कान शेख ने बताया कि देशभर से बड़ी संख्या में सैलानी पहाड़ों पर पहुंच रहे हैं, जिसके चलते जगह-जगह जाम लग रहा है। उन्होंने कहा कि ट्रैफिक को नियंत्रित करने के लिए हर जगह पुलिस तैनात नहीं है और 5-6 घंटे जाम में ही निकल जा रहे हैं।

राजस्थान से आए मुकेश कुमार ने कहा कि वे पिछले दो-तीन दिनों से घूमने आए हैं और जगह-जगह ट्रैफिक जाम से समय बर्बाद हो रहा है। उनके मुताबिक होटल पहुंचने में ढाई से तीन घंटे लग रहे हैं। उन्होंने कहा कि तीन-चार दिन की यात्रा पर आए, लेकिन ज्यादातर समय जाम में ही निकल रहा है।

टैक्सी चालक हबीब ने बताया कि कुल्लू में जगह-जगह जाम के कारण भारी परेशानी हो रही है। कई जगहों पर दो-तीन दिन से चार घंटे तक के जाम के चलते सैलानियों को खाने-पीने तक की दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं।

कसोल से कसौली तक वाहनों की कतारें

कसोल में जाम के कारण वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। चंडीगढ़ से महज 50 किलोमीटर दूर कसौली में भी जाम देखने को मिला। रविवार को सोलन में राधा स्वामी सत्संग के चलते भी सड़कों पर जाम लग गया और हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें नजर आईं। इससे पहले सोलन के सनवारा में भी रविवार को लंबा जाम लगा था।

फिलहाल हिमाचल प्रदेश में मौसम सुहावना बना हुआ है और 21 जून तक बारिश के आसार जताए गए हैं।

चेतन शुक्ला
Official Verified Account

चेतन शुक्ला (Chetan Shukla) Print & Broadcast News Agency (PABNA) में 'मुख्य संपादक' हैं। वह पत्रकारिता में 15 वर्ष से ज्यादा का अनुभव रखते हैं। ये मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। इन्हें राजनीति और आम आदमी से जुड़ी खबरें लिखना पसंद है।

आपकी प्रतिक्रिया?


आपको यह भी पसंद आ सकता हैं

Comments

https://pabna.in/assets/images/user-avatar-s.jpg

0 comment

Write the first comment for this!