छत्तीसगढ़
एक घंटा पहले
2
विचारों
छत्तीसगढ़ में अब गर्मी की लंबी छुट्टियों का दौर खत्म होने जा रहा है। शिक्षा विभाग ने राज्यभर के स्कूल 16 जून से खोलने का निर्णय लिया है। इस संबंध में औपचारिक आदेश भी जारी कर दिया गया है, जिसके मुताबिक नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 की शुरुआत 16 जून 2026 से होगी। मंगलवार को राज्य में प्रवेश उत्सव का आयोजन किया जाएगा।
लोक शिक्षण संचालनालय ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा है कि सभी सरकारी, अनुदान प्राप्त और निजी स्कूलों में 16 तारीख से नियमित कक्षाएं संचालित होंगी। उल्लेखनीय है कि भीषण गर्मी को देखते हुए विभाग ने पहले अवकाश को 20 अप्रैल से 15 जून तक बढ़ा दिया था, लेकिन अब 16 जून से स्कूल खोलने का फैसला लिया गया है।
शाला प्रवेश उत्सव की तैयारी
शाला प्रवेश उत्सव 16 जून को पूरे राज्य में आयोजित किया जाएगा। इस मौके पर नए विद्यार्थियों के स्वागत, दाखिला अभियान चलाने और स्कूलों में उत्साहपूर्ण वातावरण बनाने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग चाहता है कि नए सत्र की शुरुआत व्यवस्थित और उमंग भरे माहौल में हो, ताकि बच्चे नियमित रूप से स्कूल आएं और अधिक से अधिक दाखिले सुनिश्चित हो सकें।
शिक्षकों के लिए ऑनलाइन उपस्थिति अनिवार्य
16 जून से सभी सरकारी स्कूलों के शिक्षकों और कर्मचारियों को ऑनलाइन उपस्थिति तथा ऑनलाइन अवकाश आवेदन प्रणाली का पालन करना होगा। विभाग ने चेतावनी दी है कि इन नियमों का पालन न करने पर जून महीने का वेतन रोका जा सकता है। समय पर स्कूल न पहुंचने वाले शिक्षकों के वेतन में कटौती की जाएगी।
स्कूल भवनों की मरम्मत और साफ-सफाई पर जोर
प्रवेश उत्सव को लेकर स्कूलों में तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। स्कूल भवनों की मरम्मत, साफ-सफाई, रंग-रोगन और बुनियादी सुविधाओं को दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं। सरकार का जोर इस बात पर है कि विद्यार्थियों को स्वच्छ और आरामदायक पढ़ाई का माहौल मिले।
पहले आगे बढ़ सकती थी तारीख
तेज गर्मी को देखते हुए कुछ दिन पहले शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने संकेत दिए थे कि इस वर्ष राज्य में स्कूल 1 जुलाई से खुल सकते हैं। शाला प्रवेश उत्सव को भी इसी तारीख तक टालने की बात कही गई थी। हालांकि विभाग ने अब 16 जून से स्कूल शुरू करने का आदेश जारी कर दिया है।
Comments
0 comment