बिहार
एक घंटा पहले
2
विचारों
क्रिकेट के मैदान पर सूर्यवंशी परिवार का नया सितारा
बिहार के समस्तीपुर में क्रिकेट प्रेमियों के बीच इस समय सूर्यवंशी परिवार के छोटे सदस्य का नाम तेजी से चर्चा में है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपनी पहचान बनाने वाले वैभव सूर्यवंशी के छोटे भाई आशीर्वाद सूर्यवंशी ने अपने खेल से सभी को प्रभावित किया है। आशीर्वाद ने समस्तीपुर में खेले गए एक स्थानीय मुकाबले में महज 119 गेंदों का सामना करते हुए 168 रनों की धुआंधार पारी खेली है।
लगातार दूसरी बड़ी पारी से मचाई हलचल
आशीर्वाद सूर्यवंशी ने ऋषभ-11 गंगापुर की ओर से खेलते हुए रौशन-11 वैशाली के गेंदबाजों की जमकर खबर ली। उनकी इस आक्रामक पारी में 19 चौके और 6 छक्के शामिल रहे। यह उनकी लगातार दूसरी बड़ी उपलब्धि है। इससे पहले उन्होंने बिरौली के खिलाफ एक मैच में 87 गेंदों पर 103 रनों की शतकीय पारी खेली थी, जिसमें 20 चौके और 1 छक्का शामिल था।
भविष्य की मजबूत दस्तक
आशीर्वाद की बल्लेबाजी में बेहतरीन टाइमिंग और आक्रामक शॉट्स का मिश्रण दिख रहा है, जिसने विपक्षी गेंदबाजों को बैकफुट पर धकेल दिया। उनके चाचा राजीव सूर्यवंशी का कहना है कि आशीर्वाद में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है और उनकी मेहनत रंग ला रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि आशीर्वाद आने वाले समय में समस्तीपुर, बिहार और देश का नाम रोशन करेंगे।
पिता की देखरेख में ले रहे प्रशिक्षण
वर्तमान में आशीर्वाद सूर्यवंशी समस्तीपुर के ताजपुर स्थित मोतीपुर गांव में अपने पिता संजीव की देखरेख में क्रिकेट का नियमित प्रशिक्षण ले रहे हैं। खेल विशेषज्ञों का मानना है कि जिस तरह से दोनों भाई लगातार बड़ी पारियां खेल रहे हैं, उससे साफ है कि आने वाले समय में क्रिकेट जगत को सूर्यवंशी परिवार से एक और बड़ा खिलाड़ी मिलने वाला है।
Comments
0 comment