बिहार
एक घंटा पहले
2
विचारों
युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी का भारतीय टी20 टीम में चयन होते ही समस्तीपुर जिले में खुशी की लहर दौड़ गई। ताजपुर के इस प्रतिभाशाली खिलाड़ी ने पहले आईपीएल में अपने दमदार खेल से पूरे देश का ध्यान अपनी ओर खींचा और अब राष्ट्रीय टीम में जगह बनाकर जिले का नाम रोशन किया है। फिलहाल वैभव भारतीय टीम के साथ श्रीलंका दौरे पर खेलने जा रहे हैं।
उनके चयन की खबर से खेल प्रेमियों, युवाओं और क्रिकेट खिलाड़ियों में जबरदस्त जोश देखने को मिल रहा है। हर कोई इसे समस्तीपुर के लिए गर्व का क्षण बता रहा है। वैभव के साथ खेल चुके बच्चों और स्थानीय खिलाड़ियों ने उनकी इस कामयाबी को अपनी प्रेरणा करार दिया है।
युवाओं ने बताया प्रेरणास्रोत
समस्तीपुर के युवा क्रिकेटर मोहम्मद आकिब जावेद का कहना है कि वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल में जैसा प्रदर्शन दिखाया, वह हर युवा खिलाड़ी के लिए प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि वैभव ने बहुत कम उम्र में बड़े रिकॉर्ड अपने नाम किए और साबित कर दिया कि प्रतिभा किसी शहर या गांव की मोहताज नहीं होती। आकिब के मुताबिक वैभव का भारतीय टीम में चयन पूरे जिले के लिए गर्व की बात है।
वहीं 14 वर्षीय खिलाड़ी जयजीत ने कहा कि उन्होंने वैभव के चयन की खबर देखी और उन्हें बेहद खुशी हुई। उनके अनुसार आईपीएल में दिखाए गए खेल का ही नतीजा है कि आज वैभव को भारतीय टीम में जगह मिली है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इससे जिले के दूसरे खिलाड़ियों को भी आगे बढ़ने का हौसला मिलेगा।
वैभव की कामयाबी से बढ़ा हौसला
स्थानीय खिलाड़ी कृष्णा गुप्ता ने कहा कि समस्तीपुर के छोटे से गांव ताजपुर का बेटा आज भारतीय टीम तक पहुंच गया है और यह पूरे जिले के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है। उन्होंने बताया कि आईपीएल के दौरान वे लगातार वैभव के प्रदर्शन पर नजर रखे हुए थे और उनकी बल्लेबाजी ने सभी को प्रभावित किया था।
कृष्णा ने कहा कि वैभव की सफलता यह संदेश देती है कि अगर लगन, मेहनत और आत्मविश्वास हो तो छोटे शहरों और गांवों के खिलाड़ी भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बना सकते हैं।
Comments
0 comment