मध्य प्रदेश
46 मिनट पहले
4
विचारों
सागर के बीना में पारिवारिक विवाद का खौफनाक अंजाम
मध्य प्रदेश के सागर जिले के बीना थाना क्षेत्र स्थित ग्राम गोदना में पारिवारिक कलह और आपसी रंजिश ने एक दर्दनाक वारदात का रूप ले लिया। देवरानी द्वारा अपनी ही जेठानी और 13 साल की मासूम भतीजी को आग के हवाले करने के मामले में गंभीर रूप से झुलसी महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं, इस दिल दहला देने वाली घटना में गंभीर रूप से झुलसी 13 वर्षीय मासूम बच्ची की हालत बेहद चिंताजनक बनी हुई है और वह अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रही है।
90 फीसदी झुलस चुकी महिला की अस्पताल में मौत
इस खौफनाक घटना में 35 वर्षीय गिरजा बाई ठाकुर करीब 90 फीसदी तक झुलस गई थीं। वारदात के तुरंत बाद उन्हें इलाज के लिए बीना सिविल अस्पताल ले जाया गया था। हालांकि, महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (सागर) रेफर कर दिया था। वहां इलाज के दौरान गुरुवार को गिरजा बाई ने दम तोड़ दिया। वहीं, उनकी 13 वर्षीय बेटी आयुषी भी इस वारदात में 75 फीसदी तक झुलस गई है। आयुषी की गंभीर हालत को देखते हुए उसे भोपाल के हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
पति ने लगाए अवैध संबंधों के गंभीर आरोप
मामले में मृतका के पति रामराज ठाकुर ने पुलिस के सामने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके चाचा के लड़के आकाश और उनकी पत्नी गिरजा बाई के बीच कथित तौर पर संबंध थे। जब इस बात की जानकारी आकाश की पत्नी काजल गोस्वामी को हुई, तो घर में भारी विवाद शुरू हो गया। इसी बात को लेकर दोनों महिलाओं के बीच लंबे समय से तनाव और झगड़े की स्थिति बनी हुई थी।
कमरे में बंद कर लगा दी थी आग
रामराज ठाकुर के मुताबिक, पारिवारिक रंजिश की यह पहली घटना नहीं थी। इससे पहले भी करीब डेढ़ महीने पहले काजल ने इसी बात को लेकर गिरजा बाई के साथ झगड़ा किया था और उन्हें आग लगाने की कोशिश की थी। उस समय तो गिरजा बाई किसी तरह बच गई थीं, लेकिन हाल ही में विवाद ने दोबारा हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि काजल ने गुस्से में आकर गिरजा बाई और 13 साल की आयुषी पर केरोसिन उंडेल दिया और आग लगा दी। इसके बाद आरोपी ने कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया ताकि वे बाहर न निकल सकें।
पुलिस हिरासत में आरोपी, जांच जारी
अस्पताल में महिला की मौत के बाद बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (BMC) चौकी पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अस्पताल में भर्ती रहने के दौरान झुलसी महिला और बच्ची के बयान भी दर्ज किए गए थे। फिलहाल पुलिस ने आरोपी देवरानी काजल गोस्वामी को हिरासत में ले लिया है और उससे सघन पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है।
Comments
0 comment