खेल
एक घंटा पहले
2
विचारों
भारतीय टीम 13 जून से अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में उतरेगी। टीम इंडिया इस फॉर्मेट में लंबे अंतराल के बाद मैदान पर लौट रही है। सीरीज के लिए चुनी गई टीम में जहां कुछ युवा चेहरों को मौका दिया गया है, वहीं कुछ अनुभवी खिलाड़ियों की भी वापसी हुई है। फैंस को सबसे ज्यादा इंतजार रोहित शर्मा के खेलने का है। पहले उनकी फिटनेस को लेकर असमंजस की स्थिति थी, लेकिन अब उनका इस सीरीज में खेलना तय हो चुका है। इस दौरान रोहित के पास बल्ले से एक बड़ी उपलब्धि अपने नाम करने का मौका रहेगा, जिसके लिए उन्हें सिर्फ 6 रन की दरकार है।
बतौर ओपनर 16000 रन से महज 6 रन की दूरी
इंटरनेशनल क्रिकेट में रोहित शर्मा को बेहतरीन सलामी बल्लेबाजों में गिना जाता है। करियर की शुरुआत में भले ही उन्होंने मध्यक्रम में बल्लेबाजी की, लेकिन ओपनिंग का मौका मिलते ही उन्होंने इस पोजीशन पर अपनी जगह पक्की कर ली। बतौर ओपनर उनके आंकड़ों पर नजर डालें तो उन्होंने 358 मैचों की 383 पारियों में 45.3 के शानदार औसत से कुल 15994 रन बनाए हैं, जिसमें 45 शतक और 83 अर्धशतक शामिल हैं। अगर रोहित अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज में बतौर ओपनर 6 रन बनाने में सफल रहते हैं, तो वह 16000 रन का आंकड़ा छूने वाले वीरेंद्र सहवाग के बाद सिर्फ दूसरे भारतीय खिलाड़ी बन जाएंगे। वहीं विश्व क्रिकेट में 16000 या उससे अधिक रन बनाने के मामले में वह सातवें बल्लेबाज होंगे।
बतौर ओपनर सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी
- सनथ जयसूर्या (श्रीलंका) - 19298 रन
- क्रिस गेल (वेस्टइंडीज) - 18867 रन
- डेविड वॉर्नर (ऑस्ट्रेलिया) - 18744 रन
- ग्रीम स्मिथ (साउथ अफ्रीका) - 16950 रन
- डेसमंड हेंस (वेस्टइंडीज) - 16120 रन
- वीरेंद्र सहवाग (भारत) - 16119 रन
- रोहित शर्मा (भारत) - 15994 रन
सहवाग और हेंस को पीछे छोड़ने का भी मौका
रोहित शर्मा के सामने सिर्फ बतौर ओपनर 16000 रन पूरे करने का ही नहीं, बल्कि वीरेंद्र सहवाग और डेसमंड हेंस को पीछे छोड़ने का भी अवसर रहेगा। इसके लिए उन्हें अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज के तीनों मुकाबलों को मिलाकर कुल 126 रन बनाने होंगे। इतने रन बनाते ही वह बतौर ओपनर इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ियों की सूची में पांचवें स्थान पर पहुंच जाएंगे।
Comments
0 comment