मध्य प्रदेश
2 घंटे पहले
2
विचारों
मध्य प्रदेश के रीवा से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां पुलिस ने एक लग्जरी कार से करीब 5 क्विंटल जिलेटिन रॉड और डेटोनेटर बरामद किए हैं। जिले की रायपुर कर्चुलियान थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए इस वाहन से भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री जब्त की। पुलिस ने कार चला रहे चालक को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया है और उससे लगातार पूछताछ की जा रही है। बरामद सामग्री में करीब 5 क्विंटल जिलेटिन, डेटोनेटर और अन्य विस्फोटक उपकरण शामिल बताए जा रहे हैं।
मुखबिर की सूचना पर शुरू हुई कार्रवाई
मिली जानकारी के मुताबिक रायपुर कर्चुलियान थाना पुलिस को मुखबिर के जरिए सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति रीवा में विस्फोटक सामग्री लेकर प्रवेश करने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी जानकारी दी और रीवा-मनगवां मार्ग पर घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोक लिया।
तलाशी में मिला भारी मात्रा में विस्फोटक
कार की तलाशी के दौरान पुलिस को वाहन के भीतर बड़ी संख्या में जिलेटिन स्टिक, डेटोनेटर और केबल मिले। विस्फोटक सामग्री मिलते ही पुलिस ने तत्काल बम निरोधक दस्ते को मौके पर बुलाया और सुरक्षा नियमों का पालन करते हुए पूरी सामग्री अपने कब्जे में ले ली। शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने दावा किया कि बरामद जिलेटिन, डेटोनेटर और केबल का इस्तेमाल खदान और क्रेशर के संचालन में किया जाता है।
डीएसपी मुख्यालय ने दी जानकारी
डीएसपी मुख्यालय उदित मिश्रा ने बताया कि आरोपी से लगातार पूछताछ की जा रही है। मामले को लेकर उन्होंने कहा:
'रायपुर कर्चुलियान थाना क्षेत्र में सूचना मिली थी कि एक गाड़ी में विस्फोटक पदार्थ अवैध रूप से ले जाया जा रहा है। रायपुर पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन को पकड़ा, जिसमें कार के अंदर विस्फोटक लोड पाया गया। चालक से इस संबंध में दस्तावेज मांगे गए तो उसके पास कोई दस्तावेज नहीं मिला। चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है और हम इस मामले की जांच कर रहे हैं।'
चालक गिरफ्तार, जांच जारी
पुलिस के अनुसार पकड़े गए चालक की पहचान कमलेश सेन के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान वह विस्फोटक सामग्री के परिवहन से जुड़े वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने उसके खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी भारी मात्रा में विस्फोटक कहां से लाया गया था और इसका इस्तेमाल कहां किया जाना था।
Comments
0 comment