वेनेजुएला में अमेरिकी हमला: कुख्यात गैंग 'ट्रेन डी अरागुआ' का सरगना नीनो ग्युरेरो ढेर, ट्रंप ने जारी किया वीडियो विश्व 2 घंटे पहले 2
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि उनके आदेश पर अमेरिकी सादर्न कमांड ने वेनेजुएला के कुख्यात अपराधी संगठन 'ट्रेन डी अरागुआ' के सरगना नीनो ग्युरेरो को घातक सैन्य हमले में मार गिराया। ट्रंप ने इसे अमेरिकी नागरिकों की हत्या का बदला बताया है।

अमेरिका यह कई बार जता चुका है कि वह अपने दुश्मनों को किसी भी देश की सीमा में घुसकर मार सकता है। आतंकी ओसामा बिन लादेन को मारकर वह पहले ही इसका उदाहरण पेश कर चुका है। अब राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के मुताबिक अमेरिका ने वेनेजुएला में अपने एक और दुश्मन को खत्म कर दिया है।

ट्रंप का दावा है कि अमेरिकी सेना ने वेनेजुएला के कुख्यात अपराधी संगठन 'ट्रेन डी अरागुआ' के सरगना नीनो ग्युरेरो को मार गिराया है। उन्होंने बताया कि यह कार्रवाई उनके सीधे आदेश पर की गई और इसे अंजाम देने के लिए अमेरिकी सादर्न कमांड ने घातक सैन्य हमला किया।

ट्रंप ने सोशल मीडिया पर शेयर किया हमले का वीडियो

राष्ट्रपति ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर हमले से जुड़ा एक वीडियो भी साझा किया। इस वीडियो में एक इमारत की छत पर जबरदस्त धमाका होता दिखाई देता है और कुछ ही सेकंड में पूरा इलाका धुएं और मलबे से भर जाता है।

ट्रंप ने लिखा, 'मेरे निर्देश पर अमेरिकी सादर्न कमांड ने दुनिया के सबसे खूंखार आतंकी संगठनों में से एक ट्रेन डी अरागुआ के कुख्यात नेता नीनो ग्युरेरो को खत्म करने के लिए तेज और घातक हमला किया।'

चुनावी वादे से जोड़ी कार्रवाई

ट्रंप ने इस कार्रवाई को अपने चुनावी वादे से जोड़ते हुए कहा कि उन्होंने अमेरिकी नागरिकों की हत्या करने वाले अपराधियों को सजा दिलाने का वादा किया था और अब उसे पूरा किया जा रहा है।

हम इन हत्यारों और ड्रग्स लॉर्ड्स को दुनिया में कहीं भी ढूंढ निकालेंगे और उन्हें जहन्नुम की गहराइयों तक पहुंचा देंगे।

बाइडेन पर भी साधा निशाना

अपने बयान में ट्रंप ने पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडेन पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि बाइडेन प्रशासन ने दक्षिणी सीमा खोल दी थी, जिसके चलते लाखों अवैध अपराधी अमेरिका में दाखिल हो गए। ट्रंप के अनुसार ट्रेन डी अरागुआ के सदस्य अमेरिका में घुसकर हत्या, हिंसा और अन्य गंभीर अपराधों में शामिल रहे हैं।

किन हत्याओं की याद दिला रहे हैं ट्रंप?

ट्रंप ने अपने बयान में 12 वर्षीय जोसेलिन नुंगारे और 22 वर्षीय लेकेन राइली का नाम लिया। उन्होंने कहा कि इन दोनों की हत्या ने पूरे अमेरिका को झकझोर दिया था।

रिपोर्टों के मुताबिक 2024 में ह्यूस्टन की रहने वाली 12 साल की जोसेलिन नुंगारे की हत्या के मामले में वेनेजुएला से अवैध रूप से अमेरिका पहुंचे दो लोगों को गिरफ्तार किया गया था। वहीं जॉर्जिया की 22 साल की नर्सिंग छात्रा लेकेन राइली की हत्या के मामले में भी एक ऐसे व्यक्ति पर आरोप लगा था, जिसके अमेरिका में अवैध रूप से दाखिल होने की बात कही गई थी।

सहयोगियों के साथ मिलकर चलाया गया ऑपरेशन

ट्रंप ने दावा किया कि यह पूरा ऑपरेशन वेनेजुएला में अमेरिका के सहयोगियों के साथ मिलकर अंजाम दिया गया। उनके मुताबिक अब ट्रेन डी अरागुआ के आतंकियों के लिए वेनेजुएला या दुनिया में कहीं भी कोई सुरक्षित ठिकाना नहीं बचा है।

ट्रंप पहले ही ट्रेन डी अरागुआ को विदेशी आतंकी संगठन घोषित कर चुके हैं। उनका कहना है कि उनके प्रशासन ने हजारों अपराधियों को देश से बाहर निकाला है और ड्रग कार्टेल्स के खिलाफ युद्ध छेड़ रखा है।

चेतन शुक्ला (Chetan Shukla) Print & Broadcast News Agency (PABNA) में 'मुख्य संपादक' हैं। वह पत्रकारिता में 15 वर्ष से ज्यादा का अनुभव रखते हैं। ये मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। इन्हें राजनीति और आम आदमी से जुड़ी खबरें लिखना पसंद है।

आपकी प्रतिक्रिया?


आपको यह भी पसंद आ सकता हैं

Comments

https://pabna.in/assets/images/user-avatar-s.jpg

0 comment

Write the first comment for this!