विश्व
एक घंटा पहले
5
विचारों
दुनिया भर में लाखों लोग बड़ी टेक कंपनियों में नौकरी पाने का सपना देखते हैं. ऐसी कंपनियों में काम करना अक्सर सफलता की निशानी माना जाता है, लेकिन सिंगापुर के एक युवक ने जो कदम उठाया, उसे जानकर हर कोई हैरान रह जाता है. कभी मेटा जैसी बड़ी कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के तौर पर काम करने वाले इस शख्स ने वह रास्ता छोड़कर कुछ बिल्कुल अलग करने की ठानी.
यह कहानी है एल्विन टैन की, जो आज सड़क किनारे नूडल्स बेच रहे हैं और अपने इस फैसले से पूरी तरह संतुष्ट हैं. उन्हें इस बात का कोई मलाल नहीं कि उन्होंने एक अच्छी नौकरी छोड़ दी. एल्विन की यह कहानी इन दिनों सोशल मीडिया पर खूब चर्चा बटोर रही है. लोगों को हैरानी इस बात की है कि जिस नौकरी के लिए लोग वर्षों मेहनत करते हैं, उसे उन्होंने अपनी मर्जी से अलविदा कह दिया.
आखिर क्यों छोड़ी नौकरी?
एल्विन का कहना है कि सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग में अब उन्हें पहले जैसा उत्साह महसूस नहीं होता था. रोजाना की एक जैसी दिनचर्या और लगातार बदलते कामकाजी माहौल ने उन्हें थका दिया था. यही वजह रही कि उन्होंने अपनी पसंद का काम चुनने का फैसला किया.
एल्विन बताते हैं कि बड़ी टेक कंपनियों में टीमों का पुनर्गठन आम बात है. कर्मचारियों को अलग-अलग परियोजनाओं में भेजा जाता है और कई बार छंटनी की खबरें भी आती रहती हैं. ऐसे माहौल में उन्होंने महसूस किया कि वह कुछ नया करना चाहते हैं.
क्यों खोला फूड स्टॉल?
एल्विन के मन में हमेशा से खान-पान के कारोबार को लेकर दिलचस्पी रही, इसलिए उन्होंने उसी दिशा में आगे बढ़ने का फैसला लिया. आज वह सिंगापुर के गेलांग इलाके में एक फूड स्टॉल चलाते हैं, जहां हॉकियन मी नामक लोकप्रिय नूडल्स डिश बनाकर बेचते हैं. उनका स्टॉल स्थानीय लोगों के बीच काफी लोकप्रिय हो चुका है. उन्होंने अपने कारोबार का नाम उमामी बॉम्ब रखा है और रोजाना ग्राहकों को ताजा खाना परोसते हैं.
हालांकि इस बदलाव के साथ कई चुनौतियां भी सामने आईं. एल्विन मानते हैं कि मेटा में काम करते समय उनकी कमाई आज की तुलना में दो से तीन गुना ज्यादा थी. कम आय के चलते उन्हें अपनी जीवनशैली में बदलाव करना पड़ा. अब वह खर्चों को लेकर अधिक सतर्क रहते हैं और बाहर खाने के बजाय घर के खाने को तरजीह देते हैं.
गर्लफ्रेंड का अहम साथ
इस सफर में एल्विन की गर्लफ्रेंड भी अहम भूमिका निभा रही हैं. सीमित बजट के कारण अतिरिक्त कर्मचारियों को रखना आसान नहीं है, इसलिए वह स्टॉल चलाने में एल्विन की मदद करती हैं. एल्विन अक्सर उनके इस सहयोग के लिए आभार जताते हैं.
परिवार को लगा- नहीं चलेगा यह काम
जब एल्विन ने नौकरी छोड़ने का फैसला किया था, तब उनके परिवार को इस पर भरोसा नहीं हुआ था. माता-पिता को लगता था कि एयर-कंडीशंड ऑफिस में काम करने वाला उनका बेटा रसोई की गर्मी और लंबे काम के घंटे नहीं झेल पाएगा. उन्हें उम्मीद थी कि वह कुछ महीनों में फिर से नौकरी ढूंढने लगेगा. लेकिन एक साल से ज्यादा वक्त बीत जाने के बाद भी एल्विन अपने फैसले पर अडिग हैं.
सोशल मीडिया पर मिल रहीं प्रतिक्रियाएं
सोशल मीडिया पर भी उनकी कहानी को लेकर खूब प्रतिक्रियाएं आ रही हैं. कुछ लोग इसे अपने सपनों को पूरा करने की मिसाल बता रहे हैं, तो कुछ का कहना है कि तकनीक और खाना बनाने जैसे अलग-अलग क्षेत्रों में भी सफलता पाई जा सकती है.
एल्विन का मानना है कि अगर किसी व्यक्ति को अपने जुनून पर भरोसा है, तो उसे कोशिश करने से डरना नहीं चाहिए. उनके मुताबिक जीवन में हमेशा नए अवसर आते रहते हैं. सबसे जरूरी बात यह है कि इंसान अपने काम से संतुष्ट रहे और अपनी सेहत का ख्याल रखे. यही वजह रही कि उन्होंने ऊंची तनख्वाह वाली नौकरी छोड़कर वह रास्ता चुना, जिसमें उन्हें सच्ची खुशी मिलती है.
Comments
0 comment