PM मोदी के 12 वर्ष के कार्यकाल पर सीएम मोहन यादव की भावुक पोस्ट, गिनाईं उपलब्धियां मध्य प्रदेश 13 घंटे पहले 5
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल के 12 वर्ष पूरे होने पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट लिखी। उन्होंने पीएम मोदी को 'प्रधानसेवक' बताते हुए गरीब कल्याण से लेकर विकसित भारत तक की उपलब्धियां गिनाईं।

भोपाल: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल के 12 वर्ष पूरे हो चुके हैं। इस अवसर पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोशल मीडिया के जरिए इन वर्षों के खास पलों को याद किया। मुख्यमंत्री ने लिखा कि आज से 12 वर्ष पहले देश ने पूरे उत्साह और गहरे भरोसे के साथ नरेंद्र मोदी को अपना 'प्रधानमंत्री' चुना था, मगर उन्होंने हमेशा खुद को एक 'प्रधानसेवक' के रूप में ही देखा। इसी भावना के साथ वे अपने 'राष्ट्रधर्म' का पालन करते हुए 'विकसित भारत' को आकार देने में लगे हुए हैं।

मुस्लिम बहनों के आत्मसम्मान की रक्षा का दावा

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि पीएम मोदी ने 140 करोड़ भारतीयों की सेवा को ईश्वर की सेवा मानकर सुशासन और प्रगति के लगातार नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। 'सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास' के संकल्प के साथ उन्होंने समाज के हर तबके—खासकर गरीब, युवा, अन्नदाता और नारी—के जीवन में समृद्धि का नया सवेरा लाकर उनका विश्वास अर्जित किया है। उनके अनुसार पीएम मोदी ने मुस्लिम बहनों को तीन तलाक के अभिशाप से आजादी दिलाकर उनके आत्मसम्मान की रक्षा की। कोविड महामारी के कठिन दौर में हर पात्र नागरिक को मुफ्त राशन और देशभर में निःशुल्क टीकाकरण की सुरक्षा उपलब्ध कराई गई। साथ ही कई देशों को टीके देकर 'वसुधैव कुटुम्बकम्' की भावना से दुनिया को परिचित कराया।

अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पहुंचा सम्मान

सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की कई कल्याणकारी योजनाओं ने समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति को अधिकार, सम्मान और आत्मनिर्भरता का अहसास कराया है। आज हर नागरिक की आकांक्षाएं और सपने साकार हो रहे हैं और देश वैश्विक मंच पर एक महाशक्ति के रूप में उभर रहा है। उन्होंने कहा कि ये युगांतरकारी बदलाव इसलिए मुमकिन हुए, क्योंकि सरकार की हर नीति, नीयत और निर्णय की जड़ में मानवीय संवेदना मौजूद रही है।

गरीबी रेखा से बाहर आए लगभग 25 करोड़ लोग

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने अंत्योदय से राष्ट्रोदय की भावना के साथ बीते 12 वर्षों में गरीब कल्याण के क्षेत्र में ठोस काम किया है। उनके मार्गदर्शन में हर मंत्रालय जनहित में सक्रिय है और प्रत्येक गरीब का हक सीधे उसके हाथों तक पहुंचाया गया है। इसी का नतीजा है कि देश में करीब 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं। उन्होंने ऐसी कई योजनाओं का जिक्र किया जिन्होंने नागरिकों के जीवन को सार्थक बनाया, जिनमें प्रधानमंत्री आवास योजना, किसान सम्मान निधि, उज्ज्वला योजना, सुरक्षा बीमा योजना, मुद्रा योजना, स्वनिधि योजना, निःशुल्क राशन और आयुष्मान भारत योजना शामिल हैं।

स्वच्छ भारत से डिजिटल इंडिया तक

मुख्यमंत्री ने कहा कि पूरे देश में सार्वजनिक स्वच्छता के अभियान के जरिए स्वच्छ भारत के निर्माण की दिशा में काम हो रहा है और बड़े स्तर पर शौचालयों का निर्माण हुआ है। डिजिटल इंडिया का सपना भी साकार हो रहा है और इस दिशा में डीबीटी एक युगांतकारी पहल साबित हुई है। इस व्यवस्था के माध्यम से हितग्राहियों को उनके हक की राशि का पारदर्शी और सुचारु भुगतान किया जा रहा है, जिससे करोड़ों वंचित परिवारों को सम्मानजनक और सुरक्षित जीवन मिला है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए अतुलनीय प्रयास किए गए हैं और जनभागीदारी के बल पर इन लक्ष्यों को पूरा किया जाएगा।

चेतन शुक्ला (Chetan Shukla) Print & Broadcast News Agency (PABNA) में 'मुख्य संपादक' हैं। वह पत्रकारिता में 15 वर्ष से ज्यादा का अनुभव रखते हैं। ये मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। इन्हें राजनीति और आम आदमी से जुड़ी खबरें लिखना पसंद है।

आपकी प्रतिक्रिया?


आपको यह भी पसंद आ सकता हैं

Comments

https://pabna.in/assets/images/user-avatar-s.jpg

0 comment

Write the first comment for this!