बिहार
एक दिन पहले
4
विचारों
बिहार के सीतामढ़ी जिले के रीगा थाना क्षेत्र से एक हृदय को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया। रेवासी पंचायत के धनुषी टोला में सोमवार की देर रात एक विशाल पीपल का पेड़ अचानक जड़ समेत उखड़कर एक फूस के घर पर जा गिरा। इस दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के चार सदस्यों की जान चली गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में मातमी सन्नाटा पसर गया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
नींद में डूबे परिवार पर टूटा कहर
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सिकंदर सहनी का परिवार रात का भोजन करने के बाद घर में सो रहा था। इसी दौरान वर्षों पुराना यह विशालकाय पीपल का वृक्ष जड़ से उखड़कर फूस के घर पर आ गिरा। देखते ही देखते परिवार के सभी सदस्य पेड़ और मलबे के नीचे दब गए, और किसी को संभलने तक का मौका नहीं मिला।
महिला और तीन मासूम बच्चों की मौके पर मौत
इस दिल दहला देने वाले हादसे में चार लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतकों में सिकंदर सहनी की पत्नी पूजा देवी, तीन वर्षीय पुत्री शिवानी, पांच वर्षीय पुत्र राजकुमार और एक माह का पुत्र लाइगर शामिल हैं। वहीं, इस हादसे में सिकंदर सहनी समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों की हालत बनी हुई है चिंताजनक
हादसे में घायल हुए दोनों लोगों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि घायलों की स्थिति अब भी चिंताजनक बनी हुई है। घटना के तुरंत बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय ग्रामीणों ने बिना देर किए राहत और बचाव कार्य शुरू किया और ट्रैक्टर की मदद से घर पर गिरे विशाल पेड़ को हटाया। काफी मशक्कत के बाद मलबे तथा पेड़ के नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला जा सका।
हादसे के बाद गांव में पसरा मातम
घटना की सूचना मिलते ही रीगा थानाध्यक्ष अभिषेक त्रिपाठी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरा क्षेत्र गम में डूबा हुआ है।
Comments
0 comment