बिहार
एक घंटा पहले
2
विचारों
ज्ञान बिंदु कोचिंग के फाउंडर रोशन आनंद के भाई प्रिंस की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने सियासी हलकों में भी हलचल मचा दी है। जनशक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने इस मामले में तीखी प्रतिक्रिया देते हुए हत्या का गंभीर आरोप लगाया है।
तेज प्रताप यादव का आरोप
मीडिया के सामने आकर तेज प्रताप यादव ने कहा कि यह दो गुटों के बीच का विवाद था और जिन लोगों के साथ झगड़ा चल रहा था, कथित तौर पर उन्हीं लोगों ने यह हत्या करवाई है। उन्होंने दिवंगत की आत्मा की शांति की कामना करते हुए कहा कि मामले की सही ढंग से जांच होनी चाहिए और जो भी दोषी पाए जाएं, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।
नेपाल पुलिस का बयान
खान सर कोचिंग विवाद के चलते सुर्खियों में आए ज्ञान बिंदु के डायरेक्टर और फाउंडर रोशन आनंद के भाई की मौत को लेकर नेपाल पुलिस की ओर से भी अहम जानकारी सामने आई है। पुलिस के अनुसार प्रिंस एपिलेप्सी की दवा का सेवन करता था और उसके कमरे से एपिलेप्सी की दवा बरामद की गई है। पुलिस ने प्रिंस के साथ मौजूद दोनों दोस्तों को हिरासत में लेकर उनके बयान भी दर्ज किए हैं।
दोस्तों ने क्या बताया
प्रिंस के दोस्त अंकित कुमार और रौशन कुमार ने अपने बयान में कहा कि प्रिंस को पहले से बीमारी थी और वह मानसिक बीमारी की दवा खाता था। उनके मुताबिक घटना की रात भी प्रिंस दवा खाकर सो गया था। दोनों दोस्त जब रात में घूमकर होटल लौटे, तब उन्हें प्रिंस की तबीयत बिगड़ने का पता चला। तत्काल एंबुलेंस बुलाकर प्रिंस को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान ही उसकी मौत हो गई।
परिजनों ने बीमारी से किया इनकार
दूसरी ओर, प्रिंस के परिजन उसे किसी भी प्रकार की बीमारी होने से साफ इनकार कर रहे हैं। परिजनों का कहना है कि उसकी मौत किसी बीमारी से नहीं हुई है। उन्होंने बताया कि प्रिंस अपने दोस्तों के साथ 3 जून से ही नेपाल में रह रहा था और वहां अलग-अलग होटलों में दोस्तों के साथ ठहरता था। दोस्तों अंकित और रौशन के बयान के बाद अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
Comments
0 comment