'खान सर ने ही करवाई हत्या', रौशन आनंद के भाई प्रिंस की मौत पर तेज प्रताप यादव का सनसनीखेज दावा बिहार 2 घंटे पहले 2
ज्ञान बिंदु कोचिंग के निदेशक रौशन आनंद के भाई प्रिंस यादव की नेपाल में संदिग्ध मौत के मामले में आरजेडी नेता तेज प्रताप यादव ने खान सर पर हत्या करवाने का गंभीर आरोप लगाया है।

ज्ञान बिंदु कोचिंग के निदेशक रौशन आनंद के भाई प्रिंस यादव की नेपाल में हुई संदिग्ध मौत अब सियासी रंग पकड़ती जा रही है। इस मामले में आरजेडी नेता तेज प्रताप यादव ने बेहद सनसनीखेज आरोप लगाते हुए दावा किया है कि यह कोई सामान्य घटना नहीं, बल्कि सोची-समझी साजिश का नतीजा है।

तेज प्रताप का खान सर पर सीधा आरोप

खान सर और रौशन आनंद से जुड़े विवाद में अब एक नया मोड़ आ गया है। रौशन आनंद के भाई प्रिंस यादव रविवार को संदिग्ध हालात में मृत पाए गए। नेपाल के एक होटल में उनका शव मिला। उनके साथियों के मुताबिक दवा की अधिक खुराक लेने के कारण उनकी मौत हुई। फिलहाल पुलिस इस मामले की जांच में जुटी है।

इसी बीच तेज प्रताप यादव ने बड़ा बयान देते हुए खान सर उर्फ फैजल खान पर हत्या करवाने का आरोप मढ़ दिया। उन्होंने प्रिंस की मौत के लिए सीधे तौर पर फैजल खान उर्फ खान सर को जिम्मेदार ठहराया।

हम तो यह कहेंगे कि यह बहुत दुखद घटना है। इस तरह की घटना नहीं होनी चाहिए थी। अगर इसमें किसी पर इल्जाम लगाएंगे तो हम खान सर पर लगाएंगे, क्योंकि इन्होंने ही हत्या कराने का काम किया है।

खान सर पर नाराजगी जताते हुए तेज प्रताप यादव ने आगे कहा कि जो व्यक्ति अपने ही आदमी से कहकर खुद पर गोली चलवा सकता है, वह हत्या क्यों नहीं करवा सकता। उन्होंने कहा कि उन्हें पूरा यकीन और भरोसा है कि यह हत्या खान सर ने ही करवाई है और उन्हें जेल जाना चाहिए। उनका आरोप है कि मामला साफ होने के बावजूद खान सर को बचाया जा रहा है।

नेपाल में मिला प्रिंस का शव

ज्ञान बिंदु कोचिंग के संचालक रौशन आनंद के भाई प्रिंस यादव का शव रविवार को बरामद किया गया। नेपाल के विराटनगर स्थित एक होटल के कमरे से उनकी लाश मिली। होटल में उनके साथ ठहरे दोस्त से हुई पूछताछ का एक वीडियो भी सामने आया, जिसमें युवकों ने दावा किया कि प्रिंस यादव बीमार रहते थे। वे दवाएं लेकर सो जाया करते थे और पिछले कुछ दिनों से दवा की मात्रा बढ़ा दी थी, शायद इसी वजह से उनकी मौत हो गई। हालांकि पुलिस जांच में अब तक मौत की असल वजह सामने नहीं आ पाई है। माना जा रहा है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।

खान सर कोचिंग केस में कैसे आया प्रिंस का नाम

2 जून को पटना के कदमकुआं थाना क्षेत्र में फायरिंग की घटना हुई थी। खान ग्लोबल एकेडमी की ओर से ज्ञान बिंदु कोचिंग के सुरक्षाकर्मियों पर हवाई फायरिंग का आरोप लगाया गया था। इसके बाद संचालक रौशन आनंद, उनके भाई प्रिंस और अन्य सुरक्षाकर्मियों के खिलाफ केस दर्ज कराया गया। रौशन आनंद और उनके 2 बॉडीगार्ड को 3 जून को गिरफ्तार कर लिया गया।

इसके बाद जांच में सामने आए एक वीडियो ने पूरे मामले की दिशा ही बदल दी। उस वीडियो में खान सर के ही बॉडीगार्ड फायरिंग करते नजर आए। इसके बाद फैजल खान उर्फ खान सर पर भी एफआईआर दर्ज हुई और उनके 2 बॉडीगार्ड गिरफ्तार किए गए। खान सर को अग्रिम जमानत मिल गई, जबकि रौशन आनंद को 12 दिन जेल में बिताने पड़े और उन्हें सोमवार को जमानत मिली।

चेतन शुक्ला
Official Verified Account

चेतन शुक्ला (Chetan Shukla) Print & Broadcast News Agency (PABNA) में 'मुख्य संपादक' हैं। वह पत्रकारिता में 15 वर्ष से ज्यादा का अनुभव रखते हैं। ये मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। इन्हें राजनीति और आम आदमी से जुड़ी खबरें लिखना पसंद है।

आपकी प्रतिक्रिया?


आपको यह भी पसंद आ सकता हैं

Comments

https://pabna.in/assets/images/user-avatar-s.jpg

0 comment

Write the first comment for this!