बिहार
2 घंटे पहले
5
विचारों
बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और राजद नेता लालू प्रसाद यादव का 79वां जन्मदिन गुरुवार को बेहद खास और पारंपरिक अंदाज में मनाया गया। दिनभर समर्थकों और कार्यकर्ताओं की शुभकामनाएं स्वीकार करने के बाद देर रात पटना स्थित राबड़ी आवास पर एक भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें भोजपुरी लोकगीतों और बिहार के पारंपरिक 'लौंडा नाच' ने पूरी महफिल में रंग भर दिया।
79 पाउंड का केक और परिवार की मौजूदगी
जन्मदिन के इस खास अवसर पर लालू प्रसाद यादव ने अपनी पत्नी राबड़ी देवी, बेटी और राज्यसभा सांसद मीसा भारती, पूर्व सांसद जयप्रकाश नारायण यादव, पार्टी विधायकों तथा परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर 79 पाउंड का एक बड़ा केक काटा।
केक काटने के बाद देर शाम सांस्कृतिक महफिल सजी। लालू यादव अपने परिवार के साथ बैठकर पारंपरिक लौंडा नाच और भोजपुरी लोकगीतों का आनंद लेते नजर आए। मीसा भारती भी अपने पिता के साथ बैठकर इस कार्यक्रम का लुत्फ उठाती दिखीं।
गायक को मिला हीरे का कंगन
इस संगीतमय शाम में मशहूर भोजपुरी गायक छोटू छलिया की प्रस्तुति ने समां बांध दिया। उनके शानदार प्रदर्शन से पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी इतनी भावुक और प्रसन्न हुईं कि उन्होंने तुरंत अपने हाथ से हीरे जड़ा कंगन उतारा और गायक छोटू छलिया को बतौर तोहफा सौंप दिया।
राबड़ी देवी से इतना बड़ा और कीमती सम्मान पाकर गायक छोटू छलिया बेहद भावुक हो उठे।
लालू ने अपने हाथों से परोसा खाना
इससे पहले दिन के समय राजद सुप्रीमो को जन्मदिन की बधाई देने के लिए पूरे बिहार से बड़ी संख्या में नेता और कार्यकर्ता राबड़ी आवास पहुंचे थे। लालू यादव राबड़ी देवी का हाथ थामे आवास से बाहर आए और सभी का अभिवादन स्वीकार किया।
इस मौके पर लालू यादव का पुराना अंदाज भी देखने को मिला, जब उन्होंने अपने हाथों से कार्यकर्ताओं को भोजन परोसा। उनके 79वें जन्मदिन का यह उत्सव सिर्फ पटना तक सीमित नहीं रहा, बल्कि बिहार के सभी जिलों में राजद कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने अंदाज में इसे धूमधाम से मनाया।
Comments
0 comment