बिहार
2 घंटे पहले
3
विचारों
खान सर और रौशन आनंद के बीच जारी टकराव इन दिनों सिर्फ बिहार ही नहीं, बल्कि पूरे देश में चर्चा का विषय बना हुआ है। इसी बीच ज्ञान बिंदु के डायरेक्टर रौशन आनंद का कुछ दिन पुराना एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो से साफ होता है कि दोनों के बीच की यह रंजिश हाल की नहीं, बल्कि बरसों पुरानी है। रौशन आनंद का कहना है कि साल 2018 में भी खान सर ने एक छोटी-सी बात को लेकर उन पर एफआईआर करा दी थी।
गाड़ी पर धूल गिरने से शुरू हुआ था विवाद
एक मीडिया समूह से बातचीत में रौशन आनंद ने साल 2018 की घटना का जिक्र किया। उनके मुताबिक, गर्मी से राहत के लिए वे अपनी कोचिंग के क्लास रूम में एग्जॉस्ट फैन लगवा रहे थे। इसी दौरान मिस्त्री छेनी-हथौड़ी से दीवार में छेद कर रहा था और इसी कारण कंक्रिट तथा धूल उड़कर कैंपस में नीचे खड़ी खान सर की गाड़ी पर जा गिरी। रौशन आनंद का आरोप है कि इसी को लेकर खान सर ने हंगामा खड़ा कर दिया और उनके इशारे पर लोग ज्ञान बिंदु के दफ्तर में घुसकर बदसलूकी करने लगे।
रौशन आनंद पर लगाई गईं कई धाराएं
रौशन आनंद ने कहा कि वे किसी को छेड़ते नहीं हैं, लेकिन कोई उन्हें छेड़ दे तो उसे छोड़ते भी नहीं हैं। उनके अनुसार, प्रतिक्रिया में उनकी कोचिंग के लोग भी खान ग्लोबल स्टडी सेंटर पहुंच गए थे। इसी घटना को लेकर खान सर ने उन पर एफआईआर दर्ज कराई, जिसमें कई धाराएं लगाई गई थीं।
गौरतलब है कि पटना के मुसल्लमपुर हाट स्थित किसान कोल्ड स्टोर कैंपस में खान सर और रौशन आनंद की कोचिंग संस्थाएं चलती हैं और दोनों एक-दूसरे के बगल में ही स्थित हैं। वायरल हो रहे इस वीडियो को पिछले माह यानी मई 2026 का बताया जा रहा है।
दोस्त कैसे बन गए एक-दूसरे के दुश्मन?
बताया जाता है कि शुरुआती दौर में खान सर और रौशन आनंद साथ मिलकर पढ़ाया करते थे और तब भी उनकी कोचिंग पटना के इसी कोल्ड स्टोरेज में चलती थी। बाद में दोनों के बीच मतभेद हुए और रौशन आनंद ने अलग होकर अपनी कई कोचिंग खोल लीं। इसके बाद से ही दोनों के बीच विवाद लगातार बढ़ता चला गया।
दोनों के स्टाफ के बीच भी कई बार तीखी नोकझोंक हो चुकी है। अब लोग यह चर्चा करने लगे हैं कि कभी साथ रहने वाले ये दोनों शिक्षक आखिर किस वजह से एक-दूसरे को आंख की किरकिरी समझने लगे हैं।
Comments
0 comment