एकतरफा प्रेम में जुनूनी नाबालिग ने छत पर सो रही किशोरी के सिर में दागी गोली, डॉक्टरों ने सर्जरी कर बचाई जान मध्य प्रदेश एक घंटा पहले 2
पन्ना जिले के सिमरिया थाना क्षेत्र में एकतरफा प्यार में पागल एक नाबालिग ने गांव की किशोरी के सिर में गोली मार दी। समय पर इलाज और सफल सर्जरी से युवती की जान बच गई और पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है।

पन्ना जिले के सिमरिया थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां एकतरफा प्रेम में पागल एक नाबालिग युवक ने गांव की ही एक नाबालिग किशोरी को गोली मार दी। घटना के समय युवती अपने घर की छत पर सो रही थी, तभी आरोपी ने मौके का फायदा उठाते हुए उसके सिर में गोली दाग दी। गंभीर रूप से घायल युवती को आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया।

कहां हुई वारदात

प्राप्त जानकारी के अनुसार यह घटना सिमरिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली मोहन्द्रा चौकी के बनौली गांव की है। पुलिस की शुरुआती पड़ताल में पता चला कि आरोपी नाबालिग युवक गांव की ही एक किशोरी से एकतरफा प्रेम करता था। बताया जा रहा है कि दोनों दूर के रिश्ते में भाई-बहन लगते हैं।

प्रेम संबंध के लिए बना रहा था दबाव

आरोपी लगातार युवती पर बातचीत करने और प्रेम संबंध बनाने का दबाव डाल रहा था, लेकिन युवती उसकी बातों को बार-बार नजरअंदाज कर रही थी और किसी भी तरह के संबंध के लिए तैयार नहीं थी। युवती के लगातार इनकार करने से आरोपी नाराज रहने लगा था। इसी नाराजगी और जुनून में उसने यह खौफनाक कदम उठा डाला।

बीती रात जब युवती अपने घर की छत पर सो रही थी, तभी आरोपी वहां जा पहुंचा और उसके सिर पर गोली चला दी। गोली लगते ही युवती लहूलुहान होकर गिर पड़ी। आवाज सुनकर जब परिजन मौके पर पहुंचे और बेटी को गंभीर हालत में देखा तो उनके होश उड़ गए।

सफल सर्जरी से बची जान

घटना के बाद घायल युवती को पहले स्थानीय स्तर पर प्राथमिक उपचार दिया गया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उसे दमोह जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। अस्पताल में डॉक्टरों की टीम ने तुरंत इलाज शुरू किया और सफल सर्जरी कर सिर में फंसी गोली बाहर निकाल दी। चिकित्सकों के मुताबिक समय पर इलाज मिल जाने से युवती की जान बच गई। फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

पुलिस ने शुरू की जांच

मोहन्द्रा चौकी प्रभारी दीपक सिंह भदौरिया ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला एकतरफा प्रेम प्रसंग से जुड़ा पाया गया है और दोनों ही पक्ष नाबालिग हैं। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही घटना में इस्तेमाल हथियार और मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

गांव में दहशत का माहौल

इस वारदात के बाद पूरे बनौली गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह की घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया है। वहीं पुलिस लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और जांच पूरी होने तक संयम बनाए रखने की अपील कर रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस हर पहलू से जांच में जुटी हुई है।

चेतन शुक्ला (Chetan Shukla) Print & Broadcast News Agency (PABNA) में 'मुख्य संपादक' हैं। वह पत्रकारिता में 15 वर्ष से ज्यादा का अनुभव रखते हैं। ये मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। इन्हें राजनीति और आम आदमी से जुड़ी खबरें लिखना पसंद है।

आपकी प्रतिक्रिया?


आपको यह भी पसंद आ सकता हैं

Comments

https://pabna.in/assets/images/user-avatar-s.jpg

0 comment

Write the first comment for this!