पाकिस्तानी वायुसेना पर फिर संकट, महीने भर में पांचवां विमान हादसा, सड़क के बीचों-बीच गिरा प्रशिक्षण जेट विश्व एक महीने पहले 25
खैबर पख्तूनख्वा के मरदान जिले में पाकिस्तानी सेना का प्रशिक्षण विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें दोनों पायलटों की मौत हो गई। बीते एक महीने में यह पाकिस्तान का पांचवां सैन्य विमान हादसा है।

पाकिस्तान की सेना को एक बार फिर बड़ा झटका लगा है। खैबर पख्तूनख्वा के मरदान जिले में रविवार को एक सैन्य प्रशिक्षण विमान हादसे का शिकार हो गया। यह दुर्घटना कटलंग रोड के निकट जाबर नहर क्षेत्र में हुई, जहां विमान के गिरते ही आग का बड़ा गुबार आसमान में उठता दिखाई दिया। विमान में सवार दोनों पायलटों की मौत हो गई।

हादसे का पूरा मंजर एक सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गया। फुटेज में दिख रहा है कि सड़क पर लगातार वाहन आ-जा रहे थे। जैसे ही दो मोटरसाइकिल सवार वहां से गुजर रहे थे, तभी जेट सीधे आकर सड़क के बीचों-बीच गिरा और देखते ही देखते सड़क पर आग की एक सीधी रेखा बन गई। क्रैश के बाद घने धुएं और आग की लपटें उठती रहीं।

घटना की सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव दल तथा सुरक्षा एजेंसियां तुरंत मौके पर पहुंच गईं। पाकिस्तानी अधिकारियों ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के बाद बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल पर जमा हो गए। बाइक सवार लोगों की स्थिति के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है, हालांकि बाद में दोनों गाड़ियां सड़क पर ही पड़ी हुई देखी गईं।

एक महीने में पांचवां सैन्य विमान हादसा

यह दुर्घटना ऐसे समय सामने आई है, जब पाकिस्तानी सैन्य विमानों की सुरक्षा पर पहले से ही सवाल खड़े हो रहे हैं। बीते एक महीने के भीतर इसे पांचवीं बड़ी दुर्घटना माना जा रहा है।

सबसे बड़ा झटका 10 जून को लगा था, जब पाकिस्तान आर्मी एविएशन का Mi-17 हेलिकॉप्टर POK में टेकऑफ के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। उस हादसे में 22 सैन्यकर्मियों की जान चली गई थी, जिसकी पुष्टि बाद में पाकिस्तानी सेना ने की थी।

इससे पहले 20 मई को मियांवाली के पास पाकिस्तान एयर फोर्स का FT-7PG ट्रेनर विमान हादसे का शिकार हुआ था। वहीं इसके एक दिन पहले 19 मई को कामरा के नजदीक JF-17 थंडर लड़ाकू विमान भी प्रशिक्षण मिशन के दौरान क्रैश हो गया था। हालांकि इन दोनों मामलों में पायलट इजेक्ट कर अपनी जान बचाने में सफल रहे थे।

आबादी बचाने की कोशिश में गई जान

स्थानीय रिपोर्टों के अनुसार, मरदान में दुर्घटनाग्रस्त हुआ विमान Super Mushshak (MFI-17) ट्रेनर एयरक्राफ्ट था। बताया जा रहा है कि पायलटों ने विमान को घनी आबादी वाले इलाके से दूर ले जाने का प्रयास किया, ताकि जमीन पर बड़े पैमाने पर नुकसान न हो। लेकिन इस कोशिश में दोनों पायलट खुद की जान नहीं बचा सके।

लगातार हादसों से गहराते सवाल

जनवरी से जून 2026 के बीच पाकिस्तान में कम से कम पांच बड़े हवाई हादसे सामने आ चुके हैं। इनमें लड़ाकू विमान, ट्रेनर एयरक्राफ्ट और हेलिकॉप्टर तक शामिल हैं। अधिकतर मामलों में शुरुआती कारण तकनीकी खराबी बताया गया है, लेकिन लगातार हो रही दुर्घटनाओं ने पाकिस्तानी विमानों के रखरखाव में कमी की ओर इशारा किया है।

POK में Mi-17 हेलिकॉप्टर हादसे के कुछ ही दिनों बाद हुई इस नई दुर्घटना को पाकिस्तान के लिए एक और बड़ा झटका माना जा रहा है।

साहिल चौहान पाबना के वर्ल्ड अफेयर्स रिपोर्टर हैं, जो अंतरराष्ट्रीय खबरें और वैश्विक मामले कवर करते हैं। विदेश नीति, कूटनीति और दुनिया भर के घटनाक्रमों पर उनकी अच्छी पकड़ है। वे जटिल वैश्विक मुद्दों को भारतीय नजरिए से समझाते हैं।

आपकी प्रतिक्रिया?

Comments

https://pabna.in/assets/images/user-avatar-s.jpg

0 comment

Write the first comment for this!

फेसबुक वार्तालाप