इंडोनेशिया ओपन से बाहर हुईं पीवी सिंधु, वर्ल्ड नंबर वन आन से यंग ने फिर हराया खेल 3 महीने पहले 48
पीवी सिंधु को इंडोनेशिया ओपन के राउंड ऑफ 16 में दुनिया की नंबर एक खिलाड़ी आन से यंग के हाथों 17-21, 14-21 से हार झेलनी पड़ी। कोरियाई शटलर के खिलाफ यह उनकी लगातार दसवीं हार है।

दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु का खराब फॉर्म थमने का नाम नहीं ले रहा। गुरुवार को जकार्ता में खेले गए इंडोनेशिया ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट के प्री क्वार्टर फाइनल में उन्हें विश्व की नंबर एक खिलाड़ी आन से यंग से 17-21, 14-21 से शिकस्त झेलनी पड़ी और वह प्रतियोगिता से बाहर हो गईं। खास बात यह रही कि लगातार दूसरे सप्ताह सिंधु को इसी कोरियाई खिलाड़ी के हाथों हार मिली।

लगातार दसवीं हार, अब तक एक भी जीत नहीं

पिछले हफ्ते सिंगापुर ओपन के क्वार्टर फाइनल में भी सिंधु को दक्षिण कोरिया की इसी खिलाड़ी ने मात दी थी। ताजा नतीजे के साथ ओलंपिक चैंपियन आन के खिलाफ सिंधु की हार का सिलसिला अब 10 मैचों तक पहुंच गया है। भारतीय स्टार अब तक आन के सामने एक भी मुकाबला नहीं जीत सकी हैं।

पहले गेम में दिखा दमखम, पर चूक गईं

राउंड ऑफ 16 के इस मुकाबले में सिंधु ने टुकड़ों में बेहतरीन खेल दिखाया। पहले गेम की शुरुआत में दोनों खिलाड़ियों के बीच कांटे की टक्कर रही और एक मौके पर स्कोर 10-10 से बराबर था। इस दौरान सिंधु अपने सर्वश्रेष्ठ फॉर्म की झलक दिखाते हुए कोरियाई खिलाड़ी पर दबाव बनाने में सफल रहीं।

अपने आक्रामक स्ट्रोकप्ले के बूते सिंधु 15-14 से आगे निकल गईं, लेकिन आन ने अपने चिर-परिचित अंदाज में पलटवार करते हुए लगातार अंक बटोरे और 19-16 की बढ़त बना ली। इसके बाद कोरियाई खिलाड़ी ने लगातार दो अंक जीतकर पहला गेम अपने नाम कर लिया। इस गेम में दोनों के बीच 41 शॉट की लंबी रैली भी देखने को मिली।

दूसरे गेम में हावी रहीं आन

दूसरे गेम में आन ने आक्रामक अंदाज में शुरुआत की और जल्द ही 13-6 की बढ़त बना ली। इसके बावजूद भारतीय खिलाड़ी ने हर अंक के लिए संघर्ष जारी रखा और बीच-बीच में कुछ अहम अंक भी हासिल किए। हालांकि आन का कोर्ट कवरेज शानदार रहा और उन्हें मुकाबला जीतकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने में कोई दिक्कत नहीं हुई।

विवेक शर्मा पाबना के खेल संवाददाता हैं, जो क्रिकेट, फुटबॉल और अन्य खेलों की खबरें कवर करते हैं। मैचों के विश्लेषण, खिलाड़ियों की उपलब्धियों और टूर्नामेंट्स पर उनकी गहरी पकड़ है। वे खेल प्रेमियों के लिए हर बड़ी खबर तेजी और सटीकता के साथ लाते हैं।

आपकी प्रतिक्रिया?

Comments

https://pabna.in/assets/images/user-avatar-s.jpg

0 comment

Write the first comment for this!

फेसबुक वार्तालाप