मध्य प्रदेश
19 घंटे पहले
3
विचारों
मध्य प्रदेश में राज्यसभा चुनाव से ठीक पहले राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है। सूत्रों के अनुसार राज्य के कांग्रेस विधायकों को दोपहर 12:00 बजे प्रदेश से बाहर भेजने की तैयारी पूरी कर ली गई है। विधायकों को चार्टर प्लेन के जरिए एमपी से बाहर ले जाया जाएगा। बताया जा रहा है कि विधायकों को दूसरे राज्य में स्थानांतरित करने का यह निर्णय कांग्रेस आलाकमान के निर्देश पर लिया गया है और यह राज्यसभा चुनाव की रणनीति का हिस्सा है। विधायकों की बाड़ाबंदी पर लगभग सहमति बन चुकी है।
10 दिनों तक सुरक्षित रखे जाएंगे विधायक
देर रात नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंगार के निवास पर हुई बैठक में विधायकों की बाड़ाबंदी को लेकर फैसला हुआ। इसी निर्णय के तहत विधायकों को मध्य प्रदेश से दूसरे राज्य में भेजा जा रहा है, ताकि मतदान के समय तक यानी अगले 10 दिनों तक उन्हें सुरक्षित रखा जा सके।
भूरिया का आरोप- भाजपा कर रही खरीद-फरोख्त
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया ने इस मामले में बड़ा दावा किया है।
भाजपा खरीद-फरोख्त में लगी हुई है। विधायकों को 5 से 8 करोड़ रुपये में खरीदने का ऑफर दिया जा रहा है और भाजपा सबको फोन कर रही है।
'कट्टर कांग्रेसी बिकने वाले नहीं'
पूर्व मंत्री ने भाजपा पर निशाना साधते हुए लोकतंत्र को लेकर भी चिंता जताई।
बीजेपी के लोग हमारे विधायकों को पैसे का लालच दे रहे हैं, लेकिन हमारे कट्टर कांग्रेसी विधायक बिकने वाले नहीं हैं। यह लोकतंत्र को खत्म करने की बात है। ऐसे में लोकतंत्र कहां बचेगा।
एमपी से महेश केवट होंगे भाजपा के राज्यसभा उम्मीदवार
भारतीय जनता पार्टी ने रविवार को आगामी राज्यसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी। पार्टी ने कर्नाटक से एम नागराज और मध्य प्रदेश से महेश केवट को मैदान में उतारा है। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने एक अधिसूचना जारी कर बताया कि केंद्रीय चुनाव समिति ने इन उम्मीदवारों के नामों पर अपनी मुहर लगा दी है।
18 जून को 10 राज्यों में होगा मतदान
उल्लेखनीय है कि अरुणाचल प्रदेश, गुजरात, मध्य प्रदेश, राजस्थान, मणिपुर और कर्नाटक समेत 10 राज्यों की कुल 24 राज्यसभा सीटों के लिए 18 जून को चुनाव होने हैं। इसे लेकर भाजपा, कांग्रेस और क्षेत्रीय दलों ने अपने-अपने स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी हैं।
Comments
0 comment