विश्व
3 घंटे पहले
3
विचारों
अरब सागर में बड़ा समुद्री बचाव अभियान चल रहा है। ओमान के रास अल हद (Ras Al Hadd) से करीब 80 नॉटिकल मील यानी लगभग 148 किलोमीटर की दूरी पर भारतीय नागरिकों के क्रू वाली Dhow नाव MSV विराट 1 के डूबने की सूचना सामने आई है। अमेरिकी नौसेना से मिले ब्योरे के अनुसार, 14 भारतीय क्रू को ले जा रही यह नाव समुद्र में संकट में फंस गई थी और इसके डूबने का अंदेशा था। चेतावनी मिलते ही भारतीय अधिकारियों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया और उस क्षेत्र में मौजूद भारतीय नौसेना के जहाजों को घटनास्थल की ओर रवाना कर दिया गया।
बचाव में अमेरिकी नौसेना की अहम भूमिका
इसी बीच एक अहम कदम उठाते हुए अमेरिकी नौसेना का P-8 समुद्री गश्ती विमान घटनास्थल पर पहुंचा और फंसे हुए क्रू मेंबर्स के लिए एक लाइफ राफ्ट गिराया। इस दौरान विमान लगातार उनकी स्थिति पर निगाह बनाए रहा। सभी 14 क्रू मेंबर सफलतापूर्वक नाव छोड़कर लाइफ राफ्ट पर सवार हो गए।
सेंट किट्स एंड नेविस के ध्वज वाले जहाज ने भी की मदद
बचाव अभियान में 'MV जबलपुर अली 9' से भी सहायता मिली। यह सेंट किट्स एंड नेविस के झंडे वाला एक वाणिज्यिक जहाज है, जिसने अपना रास्ता बदलकर मुसीबत में घिरे जहाज की ओर रुख किया। भारतीय क्रू वाली इस नाव का पिछला ठहराव ओमान के सोहर में था और यह मुंबई की ओर जा रही थी।
लाइफ राफ्ट पर सवार हुए सभी 14 भारतीय क्रू
'MV जबलपुर अली 9' की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, सभी 14 भारतीय क्रू मेंबर लाइफ राफ्ट पर सवार हो चुके हैं और उन्हें सुरक्षित निकाले जाने का इंतजार है। फिलहाल क्रू मेंबर्स की हालत गंभीर नहीं बताई जा रही है और उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने के लिए बचाव दल मौके पर मौजूद हैं।
हालात पर अधिकारियों की पैनी नजर
भारतीय नौसेना के जहाज उस क्षेत्र की ओर तेजी से बढ़ रहे हैं। इसके साथ ही अंतरराष्ट्रीय समुद्री एजेंसियों और आसपास मौजूद जहाजों के बीच भी आपसी तालमेल बना हुआ है। अधिकारी पूरे घटनाक्रम पर बारीकी से नजर रखे हुए हैं और क्रू मेंबर्स को जल्द से जल्द बचाकर सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने के प्रयास जारी हैं।
Comments
0 comment