NEET री-एग्जाम का पेपर लीक और बिकने की अफवाहें झूठी, NTA ने सिरे से नकारा भारत एक घंटा पहले 4
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी ने NEET (UG) 2026 री-एग्जाम का प्रश्नपत्र लीक होने या बिकने के दावों को पूरी तरह मनगढ़ंत बताया है। एजेंसी ने कहा कि परीक्षा प्रक्रिया की निष्पक्षता बरकरार है और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होगी।

NTA Denies Paper Leak: राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने सोशल मीडिया और मैसेजिंग ऐप्स पर तेजी से फैल रही उन अफवाहों को खारिज कर दिया है, जिनमें NEET (UG) 2026 री-एग्जाम का प्रश्नपत्र "लीक" होने या "बिकने" का दावा किया जा रहा था। एजेंसी ने इन तमाम दावों को झूठा, कपटपूर्ण और जानबूझकर लोगों को गुमराह करने के इरादे से फैलाया गया करार दिया है। इस पूरे मामले को लेकर NTA ने अपने आधिकारिक X हैंडल पर भी स्पष्टीकरण जारी किया है।

नकल गिरोहों की साजिश बताया

NTA ने अपनी पोस्ट में लिखा, ''इस तरह की अफवाहें फैलाना संगठित नकल गिरोहों की हरकत है, जो छात्रों और उनके परिवारों की चिंताओं का फायदा उठाते हैं। इनका असली मकसद नकली प्रश्नपत्र बेचकर पैसे ऐंठना होता है। इस प्रकार के सभी दावे पूरी तरह मनगढ़ंत हैं।''

परीक्षा की निष्पक्षता पूरी तरह कायम

एजेंसी ने छात्रों और उनके अभिभावकों के सामने कुछ अहम बातें स्पष्ट की हैं:

  1. परीक्षा प्रक्रिया की निष्पक्षता पूरी तरह बरकरार है। सभी परीक्षार्थियों के लिए निष्पक्ष और सुरक्षित परीक्षा सुनिश्चित करने हेतु हर संभव सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं।
  2. NTA सक्रिय रूप से आपत्तिजनक चैनलों, अकाउंट्स और कंटेंट की पहचान कर रहा है और संबंधित प्लेटफॉर्म्स तथा साइबर अपराध अधिकारियों को इसकी जानकारी दे रहा है, ताकि उन्हें तुरंत हटाया जा सके और कार्रवाई हो सके।
  3. एजेंसी कानून प्रवर्तन और साइबर अपराध अधिकारियों के समक्ष औपचारिक शिकायत भी दर्ज करा रही है। ऐसा धोखाधड़ी वाला कंटेंट बनाना, उसे प्रसारित करना या आगे फॉरवर्ड करना और छात्रों को ठगने की कोशिश करना एक गंभीर दंडनीय अपराध है, और इसके लिए जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
  4. छात्रों और अभिभावकों को सलाह दी जाती है कि वे इस तरह के किसी भी संदेश से न जुड़ें, न ही इसके लिए कोई भुगतान करें और न ही उसे आगे फॉरवर्ड करें। ऐसे धोखेबाज अनुरोधों के झांसे में आने से बचें।

21 जून को होगी NEET UG री-एग्जाम

उल्लेखनीय है कि NEET UG री-एग्जाम आगामी 21 जून को आयोजित की जा रही है। पिछली परीक्षा में कथित धांधली और पेपर लीक की बात सामने आने के बाद सरकार ने उसे रद्द कर दिया था। इससे पूर्व NEET की परीक्षा 3 मई को कराई गई थी।

चेतन शुक्ला (Chetan Shukla) Print & Broadcast News Agency (PABNA) में 'मुख्य संपादक' हैं। वह पत्रकारिता में 15 वर्ष से ज्यादा का अनुभव रखते हैं। ये मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। इन्हें राजनीति और आम आदमी से जुड़ी खबरें लिखना पसंद है।

आपकी प्रतिक्रिया?


आपको यह भी पसंद आ सकता हैं

Comments

https://pabna.in/assets/images/user-avatar-s.jpg

0 comment

Write the first comment for this!