फायदे की खबर
एक घंटा पहले
3
विचारों
बिहार को जल्द ही एक और अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन की सौगात मिलने वाली है। केंद्रीय रेल मंत्री बुधवार, 17 जून को इस नई ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। यह सेवा बिहार के दानापुर से महाराष्ट्र के पुणे के बीच संचालित की जाएगी और अपने सफर में बिहार, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश तथा महाराष्ट्र के अहम ठिकानों से होकर गुजरेगी। मध्य रेलवे ने इस नई अमृत भारत एक्सप्रेस से जुड़ी सभी जरूरी जानकारियां जारी कर दी हैं।
कब रवाना होगी ट्रेन और कब पहुंचेगी
पुणे से दानापुर के बीच चलने वाली ट्रेन नंबर 11431, पुणे-दानापुर अमृत भारत एक्सप्रेस हर शनिवार को दोपहर 15:30 बजे पुणे से रवाना होगी और सोमवार को रात 01:30 बजे दानापुर पहुंचेगी। वापसी की दिशा में दानापुर से पुणे जाने वाली ट्रेन नंबर 11432, दानापुर-पुणे अमृत भारत एक्सप्रेस हर सोमवार को आधी रात 03.30 बजे दानापुर से प्रस्थान करेगी और मंगलवार को 11.05 बजे पुणे पहुंच जाएगी।
किन स्टेशनों पर होगा ठहराव
दानापुर और पुणे के बीच की यह अमृत भारत एक्सप्रेस दोनों दिशाओं में आरा, बक्सर, पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, प्रयागराज छिवकी, मानिकपुर, सतना, मैहर, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, पिपरिया, इटारसी, खंडवा, भुसावल, मनमाड, कोपरगांव, बेलापुर, अहिल्यानगर और दौंड कॉर्ड लाइन रेलवे स्टेशनों पर रुकेगी। इस ट्रेन में कुल 18 एलएचबी अमृत भारत कोच लगाए गए हैं।
किन यात्रियों को होगा सबसे ज्यादा फायदा
इस ट्रेन के शुरू होने से बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के बीच सीधी एवं किफायती कनेक्टिविटी कायम होगी। इसका सबसे अधिक लाभ प्रवासी मजदूरों, रोजगार की तलाश में पुणे और मुंबई का रुख करने वाले लोगों तथा प्रतियोगी परीक्षाओं में बैठने वाले छात्रों को मिलेगा।
यह सेवा पुणे के विशेषज्ञ अस्पतालों और पटना के मेडिकल सेंटरों तक पहुंचने वाले मरीजों के लिए भी मददगार साबित होगी। साथ ही छोटे कारोबारियों को भी इससे खासा फायदा होगा। इतना ही नहीं, दीपावली, छठ पूजा और होली जैसे बड़े त्योहारों के मौके पर लोगों को अपने घर लौटने और फिर काम पर वापस आने में आसानी होगी।
यात्रियों को मिलने वाली सुविधाएं
अमृत भारत एक्सप्रेस एक आधुनिक और किफायती लंबी दूरी की ट्रेन है, जिसका मकसद आर्थिक रूप से कमजोर तथा मध्यम वर्ग के यात्रियों को बेहतर सफर का अनुभव देना है। इस ट्रेन में 'कवच' प्रणाली लगाई गई है, जो यात्रियों की सुरक्षा को और पुख्ता बनाती है। इसके अलावा इसमें एलईडी लाइटिंग, आरामदायक सीटें और बर्थ, हर सीट पर मोबाइल चार्जिंग पॉइंट तथा सीसीटीवी कैमरे जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं।
Comments
0 comment