तीन लाख देकर रचाई शादी, 17 दिन बाद भाई के बुलावे पर गहने-नकदी समेत फरार हुई दुल्हन; थाने पहुंचा पति मध्य प्रदेश एक घंटा पहले 2
नीमच के तारापुर में एक युवक से शादी कराने के नाम पर तीन लाख रुपये लिए गए और विवाह के 17 दिन बाद दुल्हन करीब पांच लाख के जेवर तथा 37 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गई। पीड़ित पति ने पत्नी समेत पांच लोगों के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई है।

मध्य प्रदेश में एक बार फिर 'लुटेरी दुल्हन' का मामला सामने आया है। कुछ ही समय पहले उज्जैन में एक नवविवाहिता शादी के चंद दिनों बाद ससुराल से रुपये और जेवर लेकर फरार हो गई थी, और अब ठीक वैसा ही एक प्रकरण नीमच में दर्ज हुआ है। यहां एक युवक की शादी कराने के एवज में तीन लाख रुपये वसूले गए और विवाह के 17 दिन बाद दुल्हन घर से ज्वेलरी तथा नकदी लेकर चली गई। पीड़ित पति ने थाने में शिकायती आवेदन देकर अपनी पत्नी समेत पांच लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

कैसे तय हुआ रिश्ता

प्राप्त जानकारी के अनुसार यह मामला नीमच के तारापुर का है। पीड़ित ओंकारलाल माली ने पुलिस को बताया कि 15 मई को कुछ लोग उसके पास आए और शादी कराने की बात कहते हुए एक रिश्ता बताया। उन्होंने जानकारी दी कि लड़की राजस्थान के भूरा गांव की रहने वाली है और उसका नाम चंपा है, जबकि आधार कार्ड में उसका नाम सरिता दर्ज था।

आरोपियों ने ओंकारलाल से कहा कि अगर यह रिश्ता तय होता है तो उन्हें तीन लाख रुपये देने होंगे। परिवार की सहमति मिलने के बाद वे रिश्ते के लिए राजी हो गए और तीन लाख रुपये दे दिए।

18 मई को राजस्थान में हुई शादी

युवक ने पुलिस को बताया कि 18 मई को भूरा गांव में उसकी शादी हुई। विवाह के बाद चंपा उसके घर आ गई। इस दौरान कई बार उसके परिजन उसे अपने साथ भूरा गांव ले गए और फिर वापस छोड़ने भी आते रहे।

ओंकारलाल के अनुसार 4 जून को रात करीब 8 बजे चंपा के भाई का फोन आया और उसने अपनी बहन से बात कराने को कहा। बातचीत के बाद चंपा घर से बाहर निकली और बाहर खड़े भाई के साथ गाड़ी में बैठकर चली गई। इसके बाद वह दोबारा नहीं लौटी।

पांच लाख के जेवर और 37 हजार नकद लेकर फरार

ओंकारलाल ने पुलिस को बताया कि चंपा घर से सोने-चांदी के जेवर और 37 हजार रुपये नकद लेकर गई। गहनों की कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई गई है और इनमें से कुछ जेवर उसकी दिवंगत मां के थे।

पीड़ित का आरोप है कि शादी तय कराने वाले चार लोगों ने चंपा के साथ मिलकर पूरी साजिश रची। उसने मांग की है कि पुलिस इन सभी को जल्द गिरफ्तार करे ताकि वे किसी और के साथ इस तरह की ठगी न कर सकें। साथ ही ओंकारलाल ने चंपा के कब्जे से अपने गहने और रुपये वापस दिलाने की भी गुहार लगाई है।

चेतन शुक्ला (Chetan Shukla) Print & Broadcast News Agency (PABNA) में 'मुख्य संपादक' हैं। वह पत्रकारिता में 15 वर्ष से ज्यादा का अनुभव रखते हैं। ये मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। इन्हें राजनीति और आम आदमी से जुड़ी खबरें लिखना पसंद है।

आपकी प्रतिक्रिया?


आपको यह भी पसंद आ सकता हैं

Comments

https://pabna.in/assets/images/user-avatar-s.jpg

0 comment

Write the first comment for this!