उत्तराखंड
एक घंटा पहले
2
विचारों
उत्तराखंड की सरोवर नगरी नैनीताल के 20 वर्षीय युवा कलाकार कार्तेय दुग्ताल उर्फ प्रिंस ने कुमाऊंनी संगीत की दुनिया में जोरदार दस्तक दी है। कुमाऊं विश्वविद्यालय के डीएसबी परिसर में बीए अंतिम वर्ष के छात्र कार्तेय ने अपने पहले कुमाऊंनी म्यूजिक वीडियो ‘नखरियाली बांद’ के जरिए अभिनय की राह पकड़ी है, और इस वीडियो को दर्शकों का भरपूर स्नेह मिल रहा है।
कार्तेय कहते हैं कि इस परियोजना का हिस्सा बनना उनके लिए बेहद नया और यादगार अनुभव साबित हुआ। शूटिंग के दौरान उन्हें अभिनय, कैमरे के सामने सहज रहने और संगीत उद्योग की कार्यशैली को नजदीक से समझने का मौका मिला। इंस्टाग्राम पर पहले से सक्रिय कार्तेय सिनेमैटिक म्यूजिक वीडियो तैयार करते हैं और नैनीताल समेत आसपास के इलाकों में उनकी अच्छी पहचान बन चुकी है। उनका मानना है कि ‘नखरियाली बांद’ उनके करियर का पहला अहम पड़ाव है, जिसने उन्हें आगे बढ़ने का आत्मविश्वास दिया।
पहाड़ी संस्कृति और प्रेम पर आधारित है ‘नखरियाली बांद’
‘नखरियाली बांद’ एक रोमांटिक कहानी पर आधारित गीत है, जिसमें प्रेम, भावनाओं और पहाड़ी संस्कृति की खूबसूरती को उकेरा गया है। इसमें महिला किरदार अपने चुलबुले अंदाज और नखरों के लिए जानी जाती है, वहीं पुरुष किरदार अपने प्रेम का इजहार करते हुए उसका दिल जीतने की कोशिश करता है। गीत के बोल और दृश्य, दोनों ही पहाड़ की संस्कृति और प्रेम की मासूमियत को बखूबी सामने रखते हैं।
किसने निभाई कौन-सी भूमिका
इस म्यूजिक वीडियो में कार्तेय दुग्ताल (प्रिंस) ने मेल लीड की भूमिका निभाई है, जबकि फीमेल लीड के रूप में सुकून वैद्य नजर आई हैं। गीत का निर्माण हेमलता फिरमाल ने किया है, वहीं निर्देशन और कोरियोग्राफी की जिम्मेदारी विशांत तम्टा ने संभाली है। गीत को आदी और शिवानी नेगी ने अपनी आवाज दी है।
- संगीत एवं मास्टरिंग: आर नादे
- रिदम: सुभांश पांडेय
- वीडियो निर्माण: क्रिएटिव बुडबक
- मेकअप: गीतांजलि बिष्ट
- पोस्टर डिजाइन: पंकज मेहरा (पाइन)
यह गीत RAH Official यूट्यूब चैनल पर रिलीज किया गया है।
कौन हैं कार्तेय दुग्ताल?
कार्तेय दुग्ताल उर्फ प्रिंस नैनीताल के डीएसबी परिसर के छात्र हैं। पिछले कुछ समय से वह अपने इंस्टाग्राम पेज पर सिनेमैटिक म्यूजिक वीडियो, डांस और एक्टिंग से जुड़ा कंटेंट साझा कर रहे हैं, जिसके चलते युवाओं के बीच उनकी अलग पहचान बनी है। उनकी कई वीडियो को लाखों व्यूज मिल चुके हैं। उनकी बढ़ती लोकप्रियता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि मशहूर पंजाबी गायक और अभिनेता परमीश वर्मा भी उनकी एक रील पर कमेंट कर चुके हैं।
बचपन से था अभिनेता बनने का सपना
कार्तेय फिलहाल नैनीताल स्थित डीएसबी परिसर में बीए अंतिम सेमेस्टर के छात्र हैं। पढ़ाई के साथ-साथ वह सिनेमैटिक रील्स और वीडियो कंटेंट भी बनाते हैं। खास बात यह है कि उन्होंने अपनी पहचान किसी महंगे कैमरे या अत्याधुनिक उपकरण से नहीं, बल्कि सिर्फ मोबाइल फोन के दम पर बनाई है। उनके ज्यादातर वीडियो मोबाइल से ही शूट और एडिट किए जाते हैं।
कार्तेय बताते हैं कि बचपन से ही उन्हें डांस और अभिनय का शौक रहा है। शुरुआत में उन्होंने ब्लॉगिंग के जरिए सोशल मीडिया पर कदम रखा, लेकिन उनकी चाहत डांस और एक्टिंग के माध्यम से अलग पहचान बनाने की थी। इसी सोच के साथ उन्होंने नैनीताल की खूबसूरत वादियों में डांस वीडियो बनाना शुरू किया और उन्हें सोशल मीडिया पर साझा किया। धीरे-धीरे उनके वीडियो लोगों को भाने लगे और लोकप्रियता बढ़ती चली गई।
कार्तेय का कहना है कि उनका सपना एक सफल अभिनेता बनना है और इस लक्ष्य को पाने के लिए वह लगातार मेहनत कर रहे हैं। उनका मानना है कि लगन, मेहनत और आत्मविश्वास के बूते किसी भी बड़े सपने को साकार किया जा सकता है।
Comments
0 comment