बिहार
एक घंटा पहले
2
विचारों
बिहार के मुजफ्फरपुर से एक बड़ी आपराधिक वारदात सामने आई है, जहां अपराधियों ने एक बार फिर पुलिस को खुली चुनौती देते हुए दिनदहाड़े एक ज्वेलरी दुकान को निशाना बनाया। कांटी थाना क्षेत्र के दामोदरपुर स्थित आम्रपाली ज्वेलर्स में हथियारों से लैस बदमाशों ने धावा बोला और लाखों रुपये के आभूषण लूटकर फरार हो गए। वारदात के दौरान दहशत फैलाने के मकसद से बदमाशों ने फायरिंग भी की, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
कैसे हुई वारदात
जानकारी के मुताबिक, 3 से 4 की संख्या में पहुंचे नकाबपोश बदमाश अचानक आम्रपाली ज्वेलर्स में घुस गए। उनके हाथों में हथियार थे। दुकान में दाखिल होते ही उन्होंने ग्राहकों और दुकानदार को डराना-धमकाना शुरू कर दिया। विरोध करने पर बदमाशों ने पिस्टल के बट से दुकानदार पर हमला कर उसे घायल कर दिया और इसके बाद दुकान में रखे आभूषण लूटकर भागने लगे।
ग्राहक से भी छीने गहने
घटना के समय दुकान में खरीदारी कर रहीं ग्राहक आबेदा खातून ने बताया कि उनके घर में अगले दिन शादी है, जिसके लिए वह गहने खरीदने पहुंची थीं। इसी दौरान हथियारबंद बदमाश दुकान में घुस आए और लूटपाट शुरू कर दी। उन्होंने बताया कि अपराधियों ने जबरन उनके पास मौजूद गहने भी छीन लिए।
लोगों ने एक बदमाश को दबोचा
लूट की इस घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने साहस दिखाते हुए एक बदमाश को पकड़ लिया और आक्रोशित भीड़ ने उसकी जमकर पिटाई कर दी। मौके से अपराधियों की एक बाइक भी बरामद की गई है, हालांकि बाकी बदमाश भागने में सफल रहे।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही कांटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पश्चिमी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) सुचित्रा कुमारी भी घटनास्थल पर पहुंचीं। उन्होंने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और दुकान व आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। फरार अपराधियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
व्यवसायियों में दहशत
दिनदहाड़े हुई इस लूट और फायरिंग की घटना से इलाके के व्यापारियों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।
Comments
0 comment