पश्चिम बंगाल
3 घंटे पहले
2
विचारों
सोमवार को पश्चिम बंगाल के पुलिस विभाग में एक बड़ा प्रशासनिक फेरबदल देखने को मिला। राज्य सरकार ने एक ही आदेश में कुल 179 भारतीय पुलिस सेवा (IPS) और पश्चिम बंगाल पुलिस सेवा (WBPS) के अधिकारियों के तबादले किए हैं। इस सूची में कोलकाता पुलिस आयुक्तालय में कार्यरत अफसर भी शामिल हैं। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, जिन 179 अधिकारियों का स्थानांतरण किया गया, उनमें 151 आईपीएस और बाकी डब्ल्यूबीपीएस संवर्ग के अधिकारी हैं। बताया जा रहा है कि पुलिस महकमे में इतने व्यापक स्तर पर यह अपने तरह का सबसे बड़ा बदलाव है।
किस वरिष्ठ अधिकारी को मिली कहां की कमान
आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार, इस फेरबदल में कई आईपीएस अधिकारियों को अहम जिम्मेदारियां दी गई हैं। राजेश कुमार यादव और गौरव शर्मा को राज्य विशेष कार्य बल (एसटीएफ) में पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) बनाया गया है। वहीं, बिधाननगर के पूर्व पुलिस आयुक्त मुरलीधर शर्मा को खुफिया शाखा में पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) के पद पर तैनात किया गया है। मुरलीधर शर्मा अब इंटेलिजेंस विंग के नए आईजीपी की भूमिका संभालेंगे।
कोलकाता पुलिस में अहम बदलाव
कोलकाता पुलिस में भी कई बड़े फेरबदल किए गए हैं। कुणाल अग्रवाल को कोलकाता पुलिस की अपराध शाखा का नया अतिरिक्त आयुक्त नियुक्त किया गया है, जबकि मुकेश को कोलकाता सशस्त्र पुलिस का नया पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) बनाया गया है।
राज्य के गृह एवं पर्वतीय मामलों के विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, उत्तर बंगाल के प्रमुख शहर सिलीगुड़ी की कमान अब नए पुलिस आयुक्त के रूप में सैयद वकार रजा संभालेंगे। जॉय बिस्वास को राज्य में रेलवे का पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) नियुक्त किया गया है, जबकि सूर्य प्रताप यादव को जॉइंट सीपी (ट्रैफिक) की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा सौम्या रॉय राज्य पुलिस की प्रवर्तन शाखा की वरिष्ठ अधीक्षक (सीनियर एसपी) होंगी।
डीसी स्तर पर भी बड़े स्तर पर तबादले
अधिसूचना के मुताबिक, कोलकाता पुलिस में पुलिस उपायुक्त (डीसी) स्तर पर भी अनेक नियुक्तियां की गई हैं। चंद्रशेखर बर्धम को डायमंड हार्बर जिले का पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है, वहीं के सनी राज को पुरुलिया का पुलिस अधीक्षक (एसपी) बनाया गया है।
पुलिस उपायुक्त स्तर पर हुई प्रमुख नियुक्तियां इस प्रकार हैं:
- इशानी पॉल – दक्षिण-पश्चिम संभाग पुलिस उपायुक्त
- सायक दास – उत्तर संभाग पुलिस उपायुक्त
- प्रवीण प्रकाश – मध्य संभाग पुलिस उपायुक्त
- शिबा प्रसाद पात्रा – भांगर संभाग पुलिस उपायुक्त
- के यू गणपत – दक्षिण उपनगरीय संभाग पुलिस उपायुक्त
- वाई एस जगन्नाथराव – जासूसी विभाग पुलिस उपायुक्त
- सुबिमल पॉल – पूर्वी उपनगरीय संभाग पुलिस उपायुक्त
Comments
0 comment