यूपी में दर्दनाक सड़क हादसा: डीसीएम पेड़ से टकराई, एक ही परिवार के 12 लोग घायल, 20 खच्चरों की मौके पर मौत उत्तर प्रदेश एक घंटा पहले 3
महोबा के श्रीनगर थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार डीसीएम बरगद के पेड़ से टकरा गई, जिसमें ईंट भट्टे से लौट रहे एक ही परिवार के 12 लोग घायल हो गए और वाहन में लदे 35 खच्चरों में से 20 की मौके पर ही मौत हो गई।

महोबा जिले के श्रीनगर थाना क्षेत्र में पिपरामाफ गांव के पास एक रूह कंपा देने वाला सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक तेज रफ्तार डीसीएम वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे विशाल बरगद के पेड़ से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बरगद का पेड़ जड़ सहित उखड़कर जमीन पर गिर पड़ा। इस हादसे में ईंट भट्टे से अपने घर लौट रहे एक ही परिवार के 12 लोग घायल हो गए, जिनमें चार मासूम बच्चे भी शामिल हैं। वहीं वाहन में लदे 35 खच्चरों में से 20 की मौके पर ही मौत हो गई।

कैसे हुआ हादसा

प्रयागराज के मंझनपुर समदा स्थित एक ईंट भट्टे में मजदूरी करने वाले तीन सगे भाइयों का परिवार छुट्टी मिलने पर डीसीएम गाड़ी किराए पर लेकर अपने घर लौट रहा था। गाड़ी में लालू बेलदार, विमलेश और इमराज का पूरा परिवार अपने मासूम बच्चों और आजीविका के साधन यानी 35 खच्चरों के साथ मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ स्थित अपने गांव की ओर जा रहा था। तभी पिपरामाफ गांव के पास अचानक तेज रफ्तार डीसीएम अनियंत्रित होकर बरगद के विशाल पेड़ से टकरा गई।

मौके पर मच गई चीख-पुकार

हादसा होते ही घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने तुरंत सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टर नवीन चौहान के मुताबिक, अस्पताल लाए गए 12 घायलों में से 5 की हालत बेहद नाजुक थी, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।

गंभीर घायलों में मासूम बच्चे भी शामिल

गंभीर रूप से घायल लोगों में लालू, उसका 8 वर्षीय बेटा चंदू, भाई की पत्नी रानी, 2 साल का मासूम प्रिंस और गाड़ी का क्लीनर बॉबी शामिल हैं। परिजनों का अंदेशा है कि चालक को या तो नींद की झपकी आ गई थी या वह नशे में था, जो हादसे के बाद मौके से फरार हो गया।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

इस हादसे ने इस गरीब परिवार की कमर तोड़ दी है। परिवार के 12 लोग अस्पताल में भर्ती हैं, वहीं उनकी कमाई का जरिया रहे 20 खच्चरों की भी मौत हो गई है। पीड़ितों ने रोते हुए प्रशासन से इलाज और मवेशियों के नुकसान की भरपाई के लिए मुआवजे की गुहार लगाई है। फिलहाल पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

चेतन शुक्ला (Chetan Shukla) Print & Broadcast News Agency (PABNA) में 'मुख्य संपादक' हैं। वह पत्रकारिता में 15 वर्ष से ज्यादा का अनुभव रखते हैं। ये मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। इन्हें राजनीति और आम आदमी से जुड़ी खबरें लिखना पसंद है।

आपकी प्रतिक्रिया?


आपको यह भी पसंद आ सकता हैं

Comments

https://pabna.in/assets/images/user-avatar-s.jpg

0 comment

Write the first comment for this!