छत्तीसगढ़
2 दिन पहले
6
विचारों
महासमुंद जिले की बसना पुलिस ने अवैध महुआ शराब के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला के घर पर छापा मारा। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर की गई इस दबिश में सामने आया कि महिला ने अपने आवास को ही देसी शराब बनाने और बेचने का ठिकाना बना रखा था। छापेमारी के दौरान मौके से करीब 200 लीटर महुआ शराब बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 40 हजार रुपये आंकी गई है।
घरेलू गैस सिलेंडर से बन रही थी शराब
पुलिस को सूचना मिली थी कि घर के भीतर घरेलू गैस सिलेंडर के सहारे देशी शराब तैयार की जा रही है। जांच में यह बात पुष्ट हुई कि घरेलू गैस सिलेंडर और चूल्हे की मदद से महुआ शराब बनाई जा रही थी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने शराब बनाने में इस्तेमाल किए जा रहे बर्तन, गैस सिलेंडर, चूल्हा और अन्य सामग्री भी जब्त की।
कहां हुई कार्रवाई
बसना थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक-1 स्थित एक रिहायशी इलाके में अवैध शराब निर्माण की सूचना मिलने पर पुलिस ने दबिश दी। छापेमारी सांताबाई मधुकर के घर पर की गई, जहां से करीब 200 लीटर महुआ शराब मिली।
27 ड्रमों में भरा लाहन नष्ट
घर परिसर में 27 बड़े ड्रमों में भरा हुआ महुआ लाहन भी मिला, जिससे बड़ी मात्रा में शराब बनाकर बाजार में खपाने की तैयारी थी। पुलिस ने पूरे लाहन को मौके पर ही नष्ट कर दिया।
आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई
पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच पड़ताल में जुटी हुई है।
Comments
0 comment