मध्य प्रदेश की तीनों राज्यसभा सीटों पर भाजपा का कब्जा, निर्विरोध जीते ये तीन उम्मीदवार मध्य प्रदेश 2 घंटे पहले 1
मध्य प्रदेश में राज्यसभा चुनाव की तीनों सीटों पर भाजपा के उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हो गए हैं, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द होने का मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंच गया है।

राज्यसभा चुनाव में मध्य प्रदेश से भारतीय जनता पार्टी को बड़ी सफलता हाथ लगी है। राज्य की तीनों राज्यसभा सीटों पर भाजपा के प्रत्याशी बिना किसी मुकाबले के निर्वाचित घोषित कर दिए गए हैं। कांग्रेस उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त हो जाने के बाद चुनावी मुकाबला खत्म हो गया और तीनों भाजपा प्रत्याशियों की निर्विरोध जीत का रास्ता खुल गया। विधानसभा परिसर में विजयी उम्मीदवारों को निर्वाचन प्रमाण पत्र भी सौंप दिया गया है।

राज्यसभा पहुंचे ये तीन नेता

मध्य प्रदेश में राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन वापस लेने की समय-सीमा पूरी हो चुकी है। इसके साथ ही तीनों सीटों पर भाजपा उम्मीदवारों के निर्विरोध चुने जाने की राह साफ हो गई। कांग्रेस की ओर से मैदान में उतरीं मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द होने के बाद मुकाबला समाप्त हो गया। नतीजतन भाजपा के तरुण चुग, रजनीश अग्रवाल और महेश केवट राज्यसभा के लिए निर्वाचित घोषित कर दिए गए। जानकारी के अनुसार तीनों उम्मीदवारों को जीत का प्रमाण पत्र मिल चुका है।

मीनाक्षी नटराजन ने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया

दूसरी ओर, कांग्रेस की राज्यसभा प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द किए जाने का मामला सुप्रीम कोर्ट तक जा पहुंचा। नटराजन ने रिटर्निंग ऑफिसर के फैसले को चुनौती दी है। उन्होंने इस निर्णय को गलत, पक्षपातपूर्ण और कानून के खिलाफ बताते हुए कोर्ट से इसे तत्काल निरस्त करने की मांग की है। सुप्रीम कोर्ट इस मामले में जल्द सुनवाई के लिए तैयार हो गया है। बताया गया है कि जस्टिस प्रशांत कुमार मिश्रा और जस्टिस अतुल एस चंदूरकर की पीठ इसकी सुनवाई करेगी। हालांकि अदालत ने राज्यसभा चुनाव के घोषित होने वाले नतीजों पर रोक लगाने से इनकार कर दिया, जिससे तीनों सीटों पर निर्विरोध चुनाव का मार्ग प्रशस्त हो गया। दायर याचिका पर कोर्ट 12 जून को सुनवाई करेगा।

प्रदर्शन की तैयारी में कांग्रेस

सूत्रों की मानें तो शुक्रवार को मध्य प्रदेश के सभी कांग्रेस विधायकों को दिल्ली बुलाया गया है, जहां वे पार्टी आलाकमान से मुलाकात करेंगे। कांग्रेस मीनाक्षी नटराजन के मसले पर अगले दिन प्रदर्शन की योजना बना रही है। सभी विधायक और वरिष्ठ नेता भी दिल्ली में मौजूद रहेंगे। इसके अलावा राष्ट्रपति से मुलाकात के लिए भी समय मांगा गया है।

जीतू पटवारी का आरोप- नियमों की अनदेखी हुई

इस पूरे प्रकरण पर मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने तीखी प्रतिक्रिया दी।

राज्यसभा चुनाव में मीनाक्षी नटराजन का पर्चा सभी नियमों का उल्लंघन करते हुए खारिज किया गया है। लोकतंत्र में मध्य प्रदेश के लिए यह एक काला दिन है। कांग्रेस ने निर्वाचन अधिकारी के समक्ष सभी तथ्य प्रस्तुत किए, लेकिन उन्हें स्वीकार नहीं किया गया। सुप्रीम कोर्ट ने इसे कल तक संज्ञान में लेने की बात कही है, जिस पर कोई निर्णय आएगा।
चेतन शुक्ला (Chetan Shukla) Print & Broadcast News Agency (PABNA) में 'मुख्य संपादक' हैं। वह पत्रकारिता में 15 वर्ष से ज्यादा का अनुभव रखते हैं। ये मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। इन्हें राजनीति और आम आदमी से जुड़ी खबरें लिखना पसंद है।

आपकी प्रतिक्रिया?


आपको यह भी पसंद आ सकता हैं

Comments

https://pabna.in/assets/images/user-avatar-s.jpg

0 comment

Write the first comment for this!