उत्तर प्रदेश
एक घंटा पहले
2
विचारों
उत्तर प्रदेश का मौसम एक बार फिर करवट लेने को तैयार है। मौसम विभाग (आईएमडी) के मुताबिक 4 जून यानी गुरुवार से प्रदेश में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। हालांकि यह विक्षोभ बहुत असरदार साबित नहीं होगा और इसका अधिकतम तापमान पर कोई खास प्रभाव देखने को नहीं मिलेगा। इसके बावजूद पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक के साथ आंधी और छिटपुट बारिश का दौर बना रह सकता है।
किन जिलों में रहेगा असर
नए पश्चिमी विक्षोभ के चलते पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 20 जिलों में गरज-चमक के साथ आंधी और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। इसके अलावा सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत और मेरठ में 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने को लेकर आईएमडी ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
मंगलवार-बुधवार को बढ़ी थी गर्मी
दरअसल मंगलवार और बुधवार को उत्तर प्रदेश में उमस और गर्मी का असर बढ़ने लगा था और तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई थी। बीते बुधवार को करीब 10 जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक रहा।
बस्ती रहा सबसे गर्म
पूरे प्रदेश में सबसे अधिक तापमान बस्ती में रहा, जहां पारा 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं फतेहपुर में 41.6 डिग्री, लखीमपुर खीरी में 41 डिग्री, झांसी में 40.6 डिग्री तथा वाराणसी और प्रयागराज में 40.5 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया।
पहले से कमजोर है यह विक्षोभ
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 4 जून से जो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, वह पहले वाले विक्षोभों के मुकाबले कमजोर है। फिर भी इसके प्रभाव से गुरुवार को पश्चिमी यूपी के कई जिलों में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश हो सकती है।
नोएडा, मथुरा और मेरठ में येलो अलर्ट
मौसम वैज्ञानिकों ने यह भी बताया कि 5 और 6 जून को इस नए पश्चिमी विक्षोभ का असर मध्य और पूर्वी उत्तर प्रदेश तक पहुंच सकता है, जिसके कारण इन क्षेत्रों में भी आंधी और छिटपुट बूंदाबांदी के आसार हैं। हालांकि इस सबके बावजूद तापमान में कोई खास गिरावट दर्ज नहीं की जाएगी। नोएडा, मथुरा और मेरठ में बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
इन इलाकों में आंधी-बारिश के आसार
आईएमडी के मुताबिक गाजियाबाद, हापुड़, गौतमबुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, संभल और आसपास के क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ आंधी और बारिश देखने को मिल सकती है।
Comments
0 comment