यूपी में अपराधियों पर पुलिस की सख्ती, कई जिलों में मुठभेड़, गाजीपुर में 70 लोगों पर मुकदमा उत्तर प्रदेश एक घंटा पहले 2
उत्तर प्रदेश के कानपुर, मुरादाबाद और मुजफ्फरनगर में पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान कई वांछित और इनामी बदमाशों को गिरफ्तार किया, जबकि गाजीपुर में एनकाउंटर के बाद हुए पथराव के मामले में 60 से 70 लोगों पर केस दर्ज हुआ है।

उत्तर प्रदेश में अपराधियों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। राज्य के अलग-अलग जिलों में पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान कई वांछित और इनामी बदमाशों को दबोचा है। वहीं गाजीपुर में एक बदमाश के एनकाउंटर के बाद हुए बवाल को लेकर सख्त कार्रवाई की गई है। कानपुर, मुरादाबाद और मुजफ्फरनगर में हुई मुठभेड़ों में चार साल से फरार अपराधी से लेकर हत्या के आरोपी तक पुलिस के हत्थे चढ़े हैं, जबकि गाजीपुर में पुलिस पर पथराव के आरोप में 60 से 70 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

कानपुर में फायरिंग के बाद बदमाश गिरफ्तार

रेलबाजार थाना क्षेत्र में पुलिस और एक वांछित बदमाश के बीच मुठभेड़ हुई। चेकिंग के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में बदमाश राजू करिया के पैर में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। बताया जा रहा है कि आरोपी बादशाही नाका का निवासी है। उसके कब्जे से 315 बोर का तमंचा, कारतूस और सर्जिकल ब्लेड बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, राजू करिया 29 मई को हुए जाहिद खूंटी हत्याकांड में वांछित था। उसके खिलाफ हत्या, चोरी और गैंगस्टर समेत कुल 38 मुकदमे दर्ज हैं। घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मुरादाबाद में 25 हजार का इनामी बदमाश घायल

थाना मझौला क्षेत्र में पुलिस और 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश मनीष के बीच मुठभेड़ हुई। पुलिस ने आरोपी को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। मनीष के पैर में गोली लगी है और उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

आरोपी पर एक जून को नारियल की दुकान को लेकर हुए विवाद में विवेक नामक युवक पर फायरिंग करने का आरोप है। इस मामले में छह आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही थीं।

मुजफ्फरनगर में चार साल से फरार आरोपी दबोचा

सिखेड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में 15 हजार रुपये का इनामी बदमाश घायल हो गया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। यह आरोपी पिछले चार वर्षों से फरार चल रहा था। पुलिस ने उसके कब्जे से तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं।

गाजीपुर में पथराव के बाद 60 से 70 लोगों पर केस

सदर कोतवाली क्षेत्र के फुल्लनपुर इलाके में बदमाश कमलेश चौधरी के एनकाउंटर के बाद हुए बवाल के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि समेत 60 से 70 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।

आरोप है कि कमलेश का शव गांव पहुंचने के बाद ग्रामीणों ने पुलिस पर पथराव किया था। इस घटना में सीओ सिटी समेत कई पुलिसकर्मी घायल हो गए थे। पुलिस अब मामले में शामिल आरोपियों की पहचान कर आगे की कार्रवाई कर रही है।

चेतन शुक्ला (Chetan Shukla) Print & Broadcast News Agency (PABNA) में 'मुख्य संपादक' हैं। वह पत्रकारिता में 15 वर्ष से ज्यादा का अनुभव रखते हैं। ये मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। इन्हें राजनीति और आम आदमी से जुड़ी खबरें लिखना पसंद है।

आपकी प्रतिक्रिया?


आपको यह भी पसंद आ सकता हैं

Comments

https://pabna.in/assets/images/user-avatar-s.jpg

0 comment

Write the first comment for this!