झारखंड
एक घंटा पहले
3
विचारों
कभी आर्थिक तंगी और संसाधनों के अभाव में अपने सपनों को अधूरा छोड़ देने वाले कोडरमा के मॉडर्न पब्लिक स्कूल के प्रिंसिपल गुरु चरण वर्मा आज शिक्षा के क्षेत्र में मिसाल कायम कर रहे हैं। उन्होंने विद्यार्थियों के लिए एक मुफ्त डिजिटल लाइब्रेरी तैयार की है, जिसमें प्ले ग्रुप से लेकर कक्षा 12वीं तक की पढ़ाई के साथ-साथ जेईई और नीट जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी से जुड़ी सामग्री निशुल्क मुहैया कराई गई है।
खुद अभाव में बीता बचपन, दूसरों के बच्चों के लिए खड़ी की लाइब्रेरी
गुरु चरण वर्मा ने बातचीत में बताया कि उनका बचपन बेहद अभावों में गुजरा। वे इंजीनियर बनना चाहते थे, लेकिन गरीबी और शैक्षणिक संसाधनों की कमी के चलते यह सपना पूरा नहीं हो सका। हालांकि उन्होंने शिक्षा को ही अपना कार्यक्षेत्र बनाया और आज एक शिक्षक व प्राचार्य के रूप में विद्यार्थियों का भविष्य संवारने में जुटे हैं।
उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में आने के बाद उनकी हमेशा यही कोशिश रही कि आज के बच्चों को वे तमाम सुविधाएं मिलें, जो उन्हें अपने छात्र जीवन में नहीं मिल पाईं। इसी सोच के साथ उन्होंने डिजिटल लाइब्रेरी की शुरुआत की, जिसका फायदा निजी विद्यालयों के साथ-साथ सरकारी स्कूलों के विद्यार्थी भी उठा रहे हैं।
हर वर्ग के बच्चों के लिए असाइनमेंट और सैंपल पेपर
उन्होंने बताया कि इस डिजिटल लाइब्रेरी में प्ले ग्रुप से कक्षा 12वीं तक की पाठ्यपुस्तकें, नोट्स, असाइनमेंट, मॉडल टेस्ट पेपर, सैंपल पेपर और क्वेश्चन बैंक मौजूद हैं। इसके अलावा हर अध्याय के अनुसार वस्तुनिष्ठ प्रश्न भी अपलोड किए गए हैं, ताकि छात्र अपनी तैयारी को और मजबूत कर सकें।
बोर्ड परीक्षा की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए कक्षा 10वीं और 12वीं के सीबीएसई सैंपल पेपर, मॉडल प्रश्न पत्र और पिछले पांच वर्षों के महत्वपूर्ण प्रश्न पत्र भी उपलब्ध कराए गए हैं। वहीं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्रों के लिए जेईई मेन्स, जेईई एडवांस और नीट से जुड़ी अध्ययन सामग्री, असाइनमेंट तथा फिजिक्स, केमिस्ट्री, मैथ्स और बायोलॉजी के सैकड़ों वस्तुनिष्ठ प्रश्न भी शामिल किए गए हैं।
क्यूआर कोड स्कैन करते ही खुलेगा अध्ययन सामग्री का खजाना
गुरु चरण वर्मा के अनुसार यह लाइब्रेरी सिर्फ शैक्षणिक विषयों तक सीमित नहीं है। विद्यार्थियों की संचार क्षमता को मजबूत करने के लिए इसमें स्पोकन इंग्लिश, वन वर्ड सब्स्टीट्यूशन, शब्दावली विकास और भाषा से जुड़ी विभिन्न अभ्यास सामग्री भी रखी गई है।
उन्होंने बताया कि बदलते सिलेबस और शैक्षणिक जरूरतों के अनुसार लाइब्रेरी के कंटेंट को लगातार अपडेट किया जाएगा, जिससे छात्रों को हमेशा नवीनतम और उपयोगी अध्ययन सामग्री मिलती रहे।
इस लाइब्रेरी की सबसे बड़ी खूबी इसकी आसान पहुंच है। विद्यार्थी अपने मोबाइल फोन से सिर्फ क्यूआर कोड स्कैन कर इसका इस्तेमाल कर सकते हैं। स्कैन करते ही उनके सामने किताबों, प्रश्न पत्रों, असाइनमेंट और अध्ययन सामग्री का विशाल संग्रह खुल जाता है।
Comments
0 comment