पटना फायरिंग कांड: खान सर पर कसा शिकंजा, किसी भी समय हो सकती है गिरफ्तारी बिहार 2 घंटे पहले 3
पटना में हुई फायरिंग के मामले में खान सर के खिलाफ आर्म्स एक्ट और हत्या के प्रयास की प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस की कई टीमें उनकी तलाश में जुटी हैं। पैतृक गांव में भी उनके स्वभाव को लेकर लोगों ने तीखी प्रतिक्रियाएं दी हैं।

पटना में हुई फायरिंग की घटना के सिलसिले में खान सर को पकड़ने के लिए पुलिस लगातार छापेमारी में जुटी है। उनकी कोचिंग के बाहर बड़ी तादाद में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। खान सर के विरुद्ध आर्म्स एक्ट और हत्या के प्रयास के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है, जिसके अनुसार उन्हीं के कहने पर उनके गार्डों ने गोलीबारी की थी। फिलहाल पटना पुलिस की कई टीमें उनकी तलाश में लगी हुई हैं। उधर इस मामले में दोनों कोचिंग संस्थानों के छात्र आमने-सामने आ गए हैं, ऐसे में पुलिस ने विद्यार्थियों से अपील की है कि वे किसी के बहकावे में न आएं और शांतिपूर्वक अपना विरोध दर्ज कराएं।

मंगलवार रात 15 से 20 लोगों के एक समूह ने खान ग्लोबल स्टडीज संस्थान में कथित रूप से तोड़फोड़ की और परिसर पर पथराव किया था। जांच के बाद पुलिस ने प्रतिद्वंद्वी कोचिंग संस्थान ‘ज्ञान बिंदु’ के संचालक रोशन आनंद को मुख्य आरोपी मानते हुए गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पटना एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने प्राथमिकी दर्ज होने की पुष्टि करते हुए बताया कि खान ग्लोबल स्टडीज में हुई तोड़फोड़ के मामले की प्राथमिकी में खान सर का नाम भी शामिल किया गया है।

गुरुवार को हिरासत में लिए गए थे गार्ड

पुलिस अधिकारी के मुताबिक, चूंकि प्राथमिकी में खान सर का नाम दर्ज है, इसलिए पुलिस उनसे पूछताछ करेगी। हालांकि पुलिस ने यह स्पष्ट नहीं किया कि उनके खिलाफ कौन-कौन सी धाराएं लगाई गई हैं। गुरुवार को पुलिस ने कोचिंग संस्थान से जुड़े दो सुरक्षा गार्डों को मंगलवार रात कथित रूप से हवा में गोलीबारी करने के आरोप में हिरासत में लिया था, जिसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। यह कार्रवाई सोशल मीडिया पर एक कथित वीडियो प्रसारित होने के बाद की गई, जिसमें दोनों गार्ड गोली चलाते दिखाई दे रहे हैं।

विवादों से रहा है पुराना रिश्ता

खान सर के पैतृक गांव भाटपाररानी में लोगों का कहना है कि वे शुरू से ही विवादों में घिरे रहे हैं। गांव की नाली और सड़क को लेकर भी उनका विवाद रहा है। उनके पैतृक गांव में मोहल्ले के सभासद, पड़ोसी और रिश्ते के चाचा सहित कई लोगों ने उनके बारे में अपनी राय रखी। बताया जाता है कि खान सर पहले एक साधारण परिवार से ताल्लुक रखते थे, लेकिन बाद में उन्हें खूब शोहरत मिली।

मोहल्ले के निवासी अशोक सिंह ने कहा, "वो जरूर फायरिंग कराये होंगे, हमारी चारदीवारी गिरवा दिया। उनके पिता जी कहते है हाई कोर्ट में ले जाऊंगा। अपने चाचा के बाउंड्री को गिरवा दिया, अपने को बहुत बड़ा आदमी मानते हैं उनके पिता जी।"

आदित्य सिंह ने बताया कि खान सर का इलाके में काफी दबदबा है और उनका नाम खान सर नहीं बल्कि ‘अभियान’ होना चाहिए। उनके घर के सामने नगर पंचायत द्वारा नाली का निर्माण कराया जा रहा था, जिसे उन्होंने रोकने की कोशिश की और उनके एक फोन पर पूरी प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंच गई। अशोक सिंह ने यह भी कहा कि उनके खिलाफ जो हो रहा है, वह सही हो रहा है। उनके अनुसार खान सर ने उनके मोहल्ले में जमीन खरीदी थी और रास्ते के लिए दो साल से पीछे पड़े हुए थे, जिससे सभी मोहल्ले वाले परेशान रहे और बाद में उनकी बाउंड्री भी तुड़वा दी गई।

रिश्ते में खान सर के चाचा इमरान ने कहा, "खान सर शिक्षक नहीं माफिया है। बच्चे जो यू ट्यूब पर क्लास कर रहे हैं, उनको धोखा दे रहे है। जिंदगी से खिलवाड़ करते है। गंदी प्रवृत्ति के हैं और अपने सामने किसी को आगे बढ़ नहीं देखना चाहते हैं। वो अपने आप को भगवान समझ रहे हैं। पैसे का घमंड है, वो नटवर लाल हैं, अगर उनकी कोचिंग से 10 बच्चे पास होंगे तो उसको 20 बताता है। फायरिंग कराया होगा उसको सजा मिलनी चाहिए।"

चेतन शुक्ला (Chetan Shukla) Print & Broadcast News Agency (PABNA) में 'मुख्य संपादक' हैं। वह पत्रकारिता में 15 वर्ष से ज्यादा का अनुभव रखते हैं। ये मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। इन्हें राजनीति और आम आदमी से जुड़ी खबरें लिखना पसंद है।

आपकी प्रतिक्रिया?


आपको यह भी पसंद आ सकता हैं

Comments

https://pabna.in/assets/images/user-avatar-s.jpg

0 comment

Write the first comment for this!