कटनी में दिनदहाड़े दीवार में सेंध लगाकर चोरी, सोना-चांदी और नगदी समेट ले गए बदमाश मध्य प्रदेश एक घंटा पहले 2
कटनी के कोतवाली थाना क्षेत्र के ईश्वरीपुरा वार्ड में अज्ञात बदमाशों ने मकान की दीवार तोड़कर लाखों रुपये के जेवर, नगदी और कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया, जिसकी पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई।

कटनी शहर में चोरों का हौसला इस कदर बढ़ गया है कि अब बदमाश दिन के उजाले में भी बेखौफ होकर घरों को निशाना बना रहे हैं। ताजा मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के ईश्वरीपुरा वार्ड का है, जहां अज्ञात बदमाशों ने एक मकान की दीवार में सेंध लगाकर लाखों रुपये के सोने-चांदी, नगदी और अन्य कीमती सामान को चुरा लिया। हैरानी की बात यह है कि पूरी वारदात घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई।

परिवार का आरोप: पहले हुई रेकी

पीड़ित परिवार का कहना है कि आरोपियों ने वारदात से पहले इलाके की रेकी की और बच्चों के जरिए घर की गतिविधियों की जानकारी जुटाई। इसके बाद बेहद सुनियोजित तरीके से चोरी को अंजाम दिया गया। न्याय की मांग को लेकर पीड़ित परिवार पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा।

क्या है पूरा मामला

कोतवाली थाना क्षेत्र के मिशन चौक स्थित ईश्वरीपुरा वार्ड निवासी मोहम्मद सदीक के परिजनों ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर बताया कि दिनदहाड़े अज्ञात बदमाश उनके घर में सेंध लगाकर घुस गए और घर में रखे सोने-चांदी के जेवर, नगदी तथा अन्य कीमती सामान चुरा ले गए।

परिजनों के मुताबिक, घटना से पहले उनके परिवार के कुछ सदस्यों के साथ मारपीट हुई थी, जिसकी शिकायत दर्ज कराने वे कोतवाली थाना गए थे। जब वे लौटकर आए तो घर की हालत देखकर उनके होश उड़ गए। बदमाश दीवार तोड़कर अंदर घुसे थे और लाखों रुपये का सामान समेटकर फरार हो गए।

सीसीटीवी में कैद हुई वारदात

चोरी की पूरी घटना सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में कुछ लोग घर के भीतर बेखौफ घूमते और सामान समेटते नजर आ रहे हैं। वीडियो देखकर ऐसा लगता है कि आरोपियों को किसी तरह का कोई डर नहीं था और उन्होंने काफी देर तक घर के अंदर रहकर वारदात को अंजाम दिया।

शिकायत के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई

पीड़ित पक्ष के सदस्य मसकूर अहमद ने बताया कि चोरी में लगभग 9 से 10 लाख रुपये मूल्य का सामान गायब हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना की सूचना देने के बावजूद पुलिस समय पर मौके पर नहीं पहुंची। बाद में 181 पर शिकायत दर्ज कराने के बाद मामले को संज्ञान में लिया गया।

पीड़ित परिवार का कहना है कि शिकायत के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जिसके चलते उन्हें न्याय की गुहार लगाने पुलिस अधीक्षक कार्यालय तक जाना पड़ा। परिवार ने जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी हुए सामान की बरामदगी की मांग की है।

पुलिस की जांच जारी

पुलिस का कहना है कि पीड़ित पक्ष ने पहले पुरानी रंजिश के चलते मारपीट की शिकायत दर्ज कराई थी और बाद में चोरी होने की बात सामने आई। पुलिस यह जांच कर रही है कि घटना मारपीट और तोड़फोड़ के दौरान हुई है या वास्तव में चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया है।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय से पीड़ित परिवार को आश्वासन दिया गया है कि सीसीटीवी फुटेज की बारीकी से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। फिलहाल कोतवाली पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

चेतन शुक्ला (Chetan Shukla) Print & Broadcast News Agency (PABNA) में 'मुख्य संपादक' हैं। वह पत्रकारिता में 15 वर्ष से ज्यादा का अनुभव रखते हैं। ये मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। इन्हें राजनीति और आम आदमी से जुड़ी खबरें लिखना पसंद है।

आपकी प्रतिक्रिया?


आपको यह भी पसंद आ सकता हैं

Comments

https://pabna.in/assets/images/user-avatar-s.jpg

0 comment

Write the first comment for this!