मनोरंजन
10 घंटे पहले
3
विचारों
फरहान अख्तर के साथ 'डॉन 3' को लेकर उठे विवाद के बाद रणवीर सिंह लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं। अभिनेता के खिलाफ फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (FWICE) की ओर से नॉन को-ऑपरेशनल नोटिस जारी होने के बाद यह मामला और तूल पकड़ चुका है। इस नोटिस ने बॉलीवुड में बहस की नई लहर पैदा कर दी है और कई कलाकार खुलकर अभिनेता के पक्ष में सामने आए हैं। वहीं फिल्ममेकर टीपी अग्रवाल FWICE के खिलाफ अदालत तक पहुंच गए हैं। अब इस पूरे प्रकरण पर कंगना रनौत ने भी अपनी राय रखी है।
कंगना ने किया रणवीर सिंह का बचाव
इन दिनों अपनी आगामी फिल्म 'भारत भाग्य विधाता' को लेकर चर्चा में रहीं कंगना रनौत ने एनडीटीवी से बातचीत के दौरान रणवीर सिंह और डॉन 3 विवाद पर खुलकर बात की। अभिनेत्री ने कहा- 'मुझे तो सबने बैन कर रखा है। जब आपकी हैसियत बढ़ने लगती है तो आपके दुश्मन भी बढ़ने लगते हैं। तो ऐसा नहीं हो सकता कि आपकी हैसियत बढ़े और दुश्मन ना बढ़ें। तो उन्हें सोचना चाहिए कि उनकी क्या हैसियत है। विरोध करने वाले आपकी हैसियत के साथ बढ़ते जाते हैं, लेकिन आपको डरना या घबराना नहीं है।'
'मैंने कभी हार नहीं मानी'
कंगना का मानना है कि चुनौतियां सफलता का स्वाभाविक हिस्सा होती हैं और इनसे किसी को निराश नहीं होना चाहिए। उन्होंने अपनी बात आगे बढ़ाते हुए कहा- 'जब आप जिंदगी में आगे बढ़ने लगते हैं, कई तरह की बाधाएं आपके रास्ते में आती हैं। हमेशा सब कुछ आसान नहीं हो सकता। कोई बात नहीं। सब ठीक है। आखिरी में सब ठीक होता है।'
कंगना की आने वाली फिल्म
कंगना रनौत फिलहाल अपनी अपकमिंग फिल्म 'भारत भाग्य विधाता' को लेकर चर्चा में हैं। मेकर्स ने हाल ही में इसका ट्रेलर जारी किया है, जिसमें 26/11 मुंबई आतंकी हमलों के दौरान अस्पताल कर्मियों की असाधारण बहादुरी को दिखाया गया है। यह फिल्म पूरी तरह मुंबई हमले पर आधारित है। इसका निर्देशन मनोज तपाड़िया ने किया है और यह कंगना के प्रोडक्शन बैनर 'मणिकर्णिका फिल्म्स' के तले बनी है। फिल्म में कंगना के साथ गिरजा ओक और स्मिता तांबे जैसी अभिनेत्रियां भी नजर आएंगी। अपने हर किरदार में दमदार दिखने वाली कंगना इस बार भी कुछ ऐसा ही प्रदर्शन देती दिख रही हैं, जिसके चलते दर्शकों की उत्सुकता चरम पर है।
Comments
0 comment