बिहार
एक घंटा पहले
2
विचारों
आग से हुआ लाखों का नुकसान
बिहार के कैमूर जिले के भभुआ स्थित अमेरिकन कोचिंग एंड लाइब्रेरी में मंगलवार को भीषण आग लग गई। इस घटना में कोचिंग सेंटर और लाइब्रेरी का बड़ा हिस्सा जलकर राख हो गया है। आग की चपेट में आने से कई कंप्यूटर, एयर कंडीशनर, फर्नीचर और भारी संख्या में किताबें जलकर नष्ट हो गई हैं। बताया जा रहा है कि इस हादसे में लाखों रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है।
कैसे लगी आग
सहायक जिला अग्निशमन पदाधिकारी संतोष कुमार पांडेय ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट सामने आई है। लाइब्रेरी में लगे एसी में तकनीकी खराबी के कारण शॉर्ट सर्किट हुआ और उससे निकली चिंगारियां नीचे रखी किताबों और कॉपियों पर जा गिरीं। कागज जैसी ज्वलनशील सामग्री होने के कारण आग देखते ही देखते पूरे परिसर में फैल गई। आग की सूचना मिलने के बाद दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
बिना एनओसी चल रहा था संस्थान
इस हादसे के बाद प्रशासन की जांच में एक बड़ा खुलासा हुआ है। लगभग 100 छात्रों की क्षमता वाले इस संस्थान का संचालन बिना वैध अनापत्ति प्रमाण पत्र यानी NOC के किया जा रहा था। इसके अलावा संस्थान ने अग्निशमन विभाग का जरूरी शुल्क भी जमा नहीं किया था और न ही यहां सुरक्षा के उचित इंतजाम मौजूद थे।
प्रशासन की सख्ती
इस घटना के बाद अब कैमूर जिला प्रशासन हरकत में आ गया है। अधिकारियों ने जिले के सभी कोचिंग संस्थानों, मॉल और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की सघन जांच के आदेश दिए हैं। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि जो भी संस्थान फायर सेफ्टी के मानकों को पूरा नहीं करेंगे, उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने सभी संचालकों से सुरक्षा दस्तावेजों को अद्यतन रखने की अपील की है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
Comments
0 comment