रॉन्ग नंबर की कॉल बनी प्यार की वजह, पांच बच्चों की मां पति को छोड़कर 21 साल छोटे युवक संग पहुंची शादी के मंडप तक बिहार 3 महीने पहले 46
बिहार के जमुई में 19 वर्षीय युवक ने पूर्णिया की रहने वाली पांच बच्चों की 40 वर्षीय मां से कोलकाता में शादी कर ली। दोनों की मुलाकात रॉन्ग नंबर कॉल से शुरू हुई थी और अब वे साथ रहने की इच्छा जता रहे हैं।

बिहार के जमुई में एक अनोखा मामला सामने आया है, जहां 19 वर्ष के एक युवक ने पूर्णिया जिले की रहने वाली पांच बच्चों की मां के साथ कोलकाता में विवाह कर लिया और इसके बाद दोनों गांव लौट आए। यह घटना खैरा थाना क्षेत्र के खडूई बरियारपुर गांव से जुड़ी है। दोनों की यह शादी कुछ ग्रामीणों को रास नहीं आई और उन्होंने इसकी जानकारी थाना तक पहुंचा दी। शिकायत के बाद महिला और उसके प्रेमी को पूछताछ के लिए थाना बुलाया गया, जहां दोनों ने पुलिस के सामने एक-दूसरे के साथ रहने की इच्छा जाहिर की। इसके बाद दोनों को जाने दिया गया।

रॉन्ग नंबर से शुरू हुई कहानी

पूर्णिया की रहने वाली बिंदु देवी उर्फ सीमा परवीन और जमुई के युवक महावीर ठाकुर के बीच बातचीत एक गलत नंबर की कॉल से आरंभ हुई थी। समय बीतने के साथ दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ती गईं और यह रिश्ता प्रेम संबंध में बदल गया। 19 वर्षीय महावीर ठाकुर खैरा थाना क्षेत्र के खडूई बरियारपुर गांव का निवासी है, जबकि 40 वर्षीय बिंदु देवी उर्फ सीमा परवीन पूर्णिया जिले की रहने वाली बताई जा रही है। महिला पहले से विवाहित है और पांच बच्चों की मां है। दोनों ने परिवार की मंजूरी के बिना घर छोड़ दिया और कलकत्ता पहुंचकर शादी कर ली। शादी के बाद दोनों ने एक वीडियो भी जारी किया।

दस साल पहले की थी लव मैरिज

करीब दस वर्ष पहले बिंदु को मोहम्मद मनन आलम नाम के युवक से प्रेम हुआ था। उस समय उसने हिंदू धर्म त्यागकर इस्लाम कबूल कर लिया था और अपना नाम बिंदु से बदलकर सीमा परवीन रख लिया था। अब इसी महिला ने जमुई के युवक महावीर ठाकुर से विवाह कर लिया है। बताया जा रहा है कि उसने दोबारा हिंदू धर्म अपनाने और अपने नए पति के साथ जीवन बिताने की इच्छा जताई है।

महावीर ठाकुर बताते हैं, "लगभग 2 साल पहले रॉन्ग नंबर कॉल की वजह से हमारी बातें शुरू हुई थीं। इसके बाद दोनों के बीच लगातार बातचीत होने लगी और प्यार हो गया। फिर हम दोनों ने मिलने का फैसला किया और यह मेरे साथ अपने घर से भागकर कोलकाता आ गई। वहां हम दोनों ने मंदिर में शादी की।"

'बिंदु ही मेरा सच्चा प्यार है'

महावीर का कहना है कि वह हर हाल में बिंदु के साथ ही रहेगा और उसे इस बात से कोई फर्क नहीं पड़ता कि बिंदु का बीता हुआ जीवन कैसा रहा। उसने कहा, "अब तो मुझे बिंदु के साथ ही रहना है, साथ जीना है और साथ मरना है, मैंने इससे सच्चा प्रेम किया है।"

वहीं बिंदु उर्फ सीमा परवीन ने बताया कि उसका विवाह 10 साल पहले पूर्णिया के मनन आलम से हुआ था। शादी के बाद मनन उसे लगातार प्रताड़ित करता रहता था। इसी प्रताड़ना से तंग आकर मिस कॉल के जरिए संपर्क में आए महावीर के साथ उसने प्रेम संबंध बना लिया और अपने बच्चों व घर को छोड़कर महावीर से शादी कर ली।

पुलिस का बयान

खैरा थाना अध्यक्ष मिंटू कुमार सिंह ने बताया कि ग्रामीणों की शिकायत मिलने पर दोनों को पूछताछ के लिए थाना बुलाया गया था। उन्होंने कहा कि दोनों बालिग हैं और अपनी मर्जी से साथ रहना चाहते हैं। पूछताछ पूरी होने के बाद उन्हें वापस घर भेज दिया गया।

अंजलि सिंह पाबना की राज्य संवाददाता हैं, जो विभिन्न राज्यों की क्षेत्रीय खबरें और खानपान कवर करती हैं। स्थानीय घटनाओं, संस्कृति और जायके की कहानियों को वे करीब से रिपोर्ट करती हैं। अलग-अलग राज्यों की विविधता उनकी रिपोर्टिंग में नजर आती है।

आपकी प्रतिक्रिया?

Comments

https://pabna.in/assets/images/user-avatar-s.jpg

0 comment

Write the first comment for this!

फेसबुक वार्तालाप