आरोपी को पकड़ने पहुंची पुलिस पर परिजनों का हमला, गोलीबारी में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत पंजाब एक घंटा पहले 3
जालंधर के मेहतपुर थाना क्षेत्र के बंगीवाल गांव में वांटेड आरोपी 23 वर्षीय लवप्रीत उर्फ लवी को पकड़ने गई पुलिस पर उसके परिजनों ने हमला कर दिया। बचाव में गनमैन की चलाई गोली लगने से घायल लवप्रीत की इलाज के दौरान मौत हो गई।

पंजाब के जालंधर में पुलिस की एक कार्रवाई के दौरान बड़ा बवाल खड़ा हो गया, जब एक वांटेड आरोपी को गिरफ्तार करने पहुंची टीम और आरोपी के परिजनों के बीच टकराव हो गया। इसी विवाद के दौरान चली गोली से घायल हुए 23 वर्षीय लवप्रीत उर्फ लवी की बाद में इलाज के दौरान मौत हो गई। यह घटना मेहतपुर थाना क्षेत्र के बंगीवाल गांव में हुई।

क्या है पूरा मामला

एसएसपी हरविंदर सिंह विर्क के अनुसार, पुलिस टीम मेहतपुर के बंगीवाल गांव में आरोपी लवप्रीत को पकड़ने के लिए गई थी। उसके खिलाफ 5 जनवरी को धारा 307 के तहत मामला दर्ज किया गया था। इस केस में कुल 9 लोगों को नामजद किया गया था, जिनमें लवप्रीत सिंह वांटेड चल रहा था।

शुक्रवार को एसएचओ अमन सैनी को गुप्त सूचना मिली कि फरार चल रहा लवप्रीत अपने घर आया हुआ है। इस पर एसएचओ ने पुलिस पार्टी के साथ गांव में घेराबंदी कर छापेमारी की।

पुलिस टीम पर हमला

जैसे ही पुलिस ने लवप्रीत को हिरासत में लेना चाहा, परिजनों ने उसे छुड़ाने के लिए पुलिसकर्मियों को रोक लिया। आरोपी को बचाने के लिए परिजनों ने तेजधार हथियारों और डंडों से हमला कर दिया, जिसमें एसएचओ और उनके गनमैन को चोटें आईं। इस दौरान मौके पर भारी संख्या में लोग जमा हो गए और फायरिंग की आवाजें सुनाई दीं।

गनमैन ने बचाव में चलाई गोली

हमले के बीच एसएचओ के गनमैन ने आत्मरक्षा में गोलियां चलाईं, जिनमें से दो गोलियां लवप्रीत की टांग में जा लगीं। घायल लवप्रीत को जब इलाज के लिए अस्पताल ले जाने का प्रयास किया गया, तो परिजनों ने इसका विरोध किया। मां और बहन समेत अन्य लोगों ने काफी देर तक उसे ले जाने से रोके रखा। बहुत देर बाद लवप्रीत को इलाज के लिए नकोदर सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

हर एंगल से जांच में जुटी पुलिस

एसएसपी ने बताया कि इस मामले में पुलिस ने 6 जून को एफआईआर नंबर 123 के तहत धारा 306, 332 और 352 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। उन्होंने बताया कि लवप्रीत पर पहले से 4 मामले दर्ज थे, जिनमें एक एनडीपीएस एक्ट और लड़ाई-झगड़े से जुड़े मामले शामिल हैं। इसके भाई मनदीप पर 6 मामले दर्ज हैं, जिनमें अवैध माइनिंग, लड़ाई-झगड़े और एनडीपीएस एक्ट के मामले हैं, जबकि बहन गगनदीप पर एनडीपीएस एक्ट से जुड़े 4 मामले दर्ज हैं। लवप्रीत को एक केस में सजा भी हो चुकी है। एसएसपी ने कहा कि कोर्ट की हाजिरी में लवप्रीत का मेडिकल कराया जाएगा और इस पूरे प्रकरण की हर एंगल से जांच की जा रही है।

चेतन शुक्ला (Chetan Shukla) Print & Broadcast News Agency (PABNA) में 'मुख्य संपादक' हैं। वह पत्रकारिता में 15 वर्ष से ज्यादा का अनुभव रखते हैं। ये मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। इन्हें राजनीति और आम आदमी से जुड़ी खबरें लिखना पसंद है।

आपकी प्रतिक्रिया?


आपको यह भी पसंद आ सकता हैं

Comments

https://pabna.in/assets/images/user-avatar-s.jpg

0 comment

Write the first comment for this!