जयपुर: 82 वर्षीय बुजुर्ग महिला ने 14वीं मंजिल से छलांग लगाकर दी जान, घर में बंद कर अजमेर गए थे बेटी-दामाद राजस्थान एक घंटा पहले 2
जयपुर के हरमाड़ा क्षेत्र की एक आवासीय सोसाइटी में 82 वर्षीय लक्ष्मी जैन ने 14वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय उनकी बेटी और दामाद फ्लैट बाहर से बंद कर अजमेर गए हुए थे।

राजस्थान की राजधानी जयपुर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। हरमाड़ा क्षेत्र की एक आवासीय सोसाइटी में रहने वाली 82 वर्षीय बुजुर्ग महिला ने इमारत की 14वीं मंजिल से छलांग लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। पुलिस के मुताबिक यह वारदात सनसिटी स्थित जय विलास अपार्टमेंट में हुई, जहां लक्ष्मी जैन अपनी बेटी और दामाद के साथ रहती थीं।

घटना के वक्त घर में अकेली थीं बुजुर्ग महिला

पुलिस ने बताया कि बुधवार को महिला के परिजन अजमेर गए हुए थे। लक्ष्मी की तबीयत ठीक नहीं रहती थी और उनकी नजर भी कमजोर थी, इसी वजह से परिजन फ्लैट को बाहर से बंद कर गए थे। इस दौरान 82 वर्षीय यह बुजुर्ग महिला घर में अकेली ही रह रही थीं।

बालकनी से लगाई छलांग

प्रारंभिक जांच के अनुसार, गुरुवार सुबह लक्ष्मी ने बालकनी से नीचे की ओर छलांग लगा दी। आसपास मौजूद लोगों ने जब उन्हें जमीन पर लहूलुहान हालत में देखा तो तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। आनन-फानन में लक्ष्मी को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

खंगाली जा रही सीसीटीवी फुटेज

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मुर्दाघर में रखवा दिया है और परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है। हरमाड़ा थाना प्रभारी उदय सिंह यादव ने इस बारे में जानकारी दी।

'प्रारंभिक जांच में यह मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पूरे मामले की विस्तृत पड़ताल की जा रही है और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।'

सोसाइटी के लोग हैरान

इस मामले को लेकर अभी तक मृतका के परिजनों का कोई बयान सामने नहीं आया है। घटना के बाद से आवासीय सोसाइटी में रहने वाले लोग हैरान हैं और परिजनों की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं। पुलिस फिलहाल हर पहलू से मामले की जांच में जुटी हुई है।

चेतन शुक्ला (Chetan Shukla) Print & Broadcast News Agency (PABNA) में 'मुख्य संपादक' हैं। वह पत्रकारिता में 15 वर्ष से ज्यादा का अनुभव रखते हैं। ये मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। इन्हें राजनीति और आम आदमी से जुड़ी खबरें लिखना पसंद है।

आपकी प्रतिक्रिया?


आपको यह भी पसंद आ सकता हैं

Comments

https://pabna.in/assets/images/user-avatar-s.jpg

0 comment

Write the first comment for this!