मध्य प्रदेश
एक घंटा पहले
2
विचारों
जबलपुर शहर के मदन महल थाने में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवती ने पुलिसकर्मियों के सामने ही खुद पर पेट्रोल उड़ेलकर आत्मदाह करने का प्रयास कर डाला। यह सब उसके प्रेमी की गिरफ्तारी से नाराज होकर हुआ। पुलिस ने 7 महीने पुराने हत्या के प्रयास के एक मामले में आरोपी लक्की को गिरफ्तार किया था, जिससे आहत होकर उसकी प्रेमिका सीधे थाने जा पहुंची।
प्रेमी की गिरफ्तारी से नाराज प्रेमिका ने थाने में किया हंगामा
मदन महल थाने में उस वक्त हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला, जब प्रेमी को हत्या के प्रयास के मामले में जेल भेजे जाने से नाराज युवती थाने पहुंच गई और वहां जमकर बवाल काटा। वह पुलिस अधिकारियों से लगातार बहस करती नजर आई। इसी दौरान उसने थाना परिसर में ही अपने ऊपर पेट्रोल डालकर खुद को आग लगाने की कोशिश की।
बताया जा रहा है कि 7 महीने पुराने एक केस में पुलिस ने लक्की को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। वहीं, लक्की की प्रेमिका जयंती का आरोप है कि असली अपराधी की शिकायत पर झूठा मुकदमा बनाकर पुलिस ने पीड़ित को ही सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। सितंबर महीने में गढ़ा इलाके में मान्या नाम के एक अपराधी पर हमला हुआ था, जिसमें पुलिस ने लक्की समेत तीन लोगों पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया था।
'मैं आत्महत्या कर लूंगी', अधिकारियों से भिड़ी युवती
थाने पहुंचकर जयंती बार-बार यही सवाल दोहराती रही कि आखिर निर्दोष लड़के को जेल कैसे भेज दिया गया। उसने कहा कि आप ही बताइए मैं क्या करूं, मैं आत्महत्या कर लूंगी। उसका कहना था कि लड़का पूरी तरह बेकसूर है और पुलिस किसी को भी अपराधी बना दे रही है।
युवती ने यह भी कहा कि उस लड़के के माता-पिता नहीं हैं, ऐसे में अब उसकी जमानत कौन कराएगा। उसने आरोप लगाया कि इसके लिए पांच लाख रुपए मांगे जा रहे हैं। जयंती बार-बार पुलिस अधिकारी को बाहर बुलाकर पूछती रही कि आखिर उस लड़के को अपराधी क्यों बनाया गया।
उसने तर्क दिया कि 6 महीने पहले भी पुलिस उसे पूछताछ के लिए लेकर आई थी, तब कोई कार्रवाई नहीं हुई, लेकिन अब उसे लाकर अपराधी बताया जा रहा है, जबकि उसका एक भी आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है।
समय रहते छीना पेट्रोल, टला बड़ा हादसा
थाने में चले इस हाई वोल्टेज ड्रामे के बीच पुलिस अधिकारियों ने युवती को समझाने का प्रयास किया और किसी तरह उसे शांत कराया। समय रहते पुलिसकर्मियों ने उसके हाथ से पेट्रोल छीन लिया, जिससे कोई अनहोनी टल गई। घटना के बाद थाने में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
Comments
0 comment